शिवपुरी,सरसो के दाम गिरने से किसान नाराज, 1 किलोमीटर का जाम,पढ़िए खबर

Adhiraj Awasthi

माखन धाकड @बैराड। शिवपुरी जिले की पोहरी विधानसभा के बहरोड़ कृषि उपज मंडी में खरीद कर रहे व्यापारियो ने आज अचानक से सरसो के दाम गिरा दिए,इससे नाराज होकर किसानो ने रोड पर अपने वाहन खडा कर चक्काजाम कर दिया,इससे एक किलोमीटर तक का लंबा जाम लग गया। किसानो का कहना था कि बीते रोज गुरुवार को सरसों 6300 के भाव से बिक रही थी आज अचानक 5 का भाव कर दिया,इससे साफ जाहिर हो रहा है कि किसानो को अपनी उपज के सही भाव नहीं मिल रहे है। वही व्यापारियो का कहना था कि सरसो मे नमी अधिक थी इस कारण रेट कम आंकी जा रही है।

किसान भगवान सिंह ने बताया कि वह पिछले तीन दिनों से मंडी में इस उम्मीद में डेरा डाले हुए थे कि फसल के अच्छे दाम मिलेंगे, लेकिन अचानक आई इस गिरावट ने उनकी उम्मीदों पर पानी फेर दिया। किसान का कहना था कि कल मैंने सरसों बेची थी वह 6300 की बेची थी और आज वहीं सरसों के भाव में अचानक गिरावट आ गई, किसाने 2 से 3 दिनों से यहां मंडी में रुके हैं कि अच्छे दाम में हमारी सरसों बिच जायेगी। लेकिन और गिरावट सरसों में देखने को मिली हैं।  

व्यापारियों पर मनमानी और अभद्रता के आरोप
कुंवरपुर के किसान जितेंद्र रावत और खाड़ी के हेमंत गुर्जर ने व्यापारियों पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि व्यापारी पूरी तरह मनमानी कर रहे हैं। 42 प्रतिशत तेल वाली सूखी सरसों के भी उचित दाम नहीं लगाए जा रहे हैं। वहीं किसान सोनेराम का कहना है कि व्यापारी नशे की हालत में तुलाई कर रहे हैं और विरोध करने पर अभद्र व्यवहार कर रहे हैं। वहीं मंडी व्यापारियों का कहना है कि अगर हम व्यापारी एक दिन सरसों नहीं खरीदेंगे तो क्या हो जाएगा, इसके साथ ही व्यापारियों ने किसानों से कहा कि अपने मीटर लेकर आना,यहां नाप-तोल के लिए कोई मीटर नहीं हैं।

जाम से जनता परेशान
सैकड़ों ट्रैक्टर-ट्रॉलियों के मंडी से एक साथ बाहर निकलने और किसानों के धरने के कारण सुबह 10:30 बजे से ही सड़क पर जाम की स्थिति बनी रही। रामेश्वर यादव और सोनेराम जैसे किसानों ने दुखी होकर बताया कि मंडी में सही दाम न मिलने के कारण वे भारी मन से अपना ट्रैक्टर वापस ले जा रहे हैं। व्यापारियों का कहना है कि जब बाहर के खरीदार आएंगे, तभी भाव में सुधार की संभावना है।