Shivpuri News: नाबालिग हुई गर्भवती, पेट दर्द होने पर हुआ खुलासा, इधर पत्नी बनाकर बलात्कार

Adhiraj Awasthi

शिवपुरी। शिवपुरी जिले में पिछले 24 घंटों में 2 नाबालिगों के बलात्कार के मामले सामने आए है। एक मामले मे पेट दर्द की शिकायत पर अस्पताल पहुंची नाबालिग के गर्भवती होने का खुलासा डॉक्टर ने कर दिया। वही दूसरे मामले में  शादी का झांसा देकर नाबालिग से रेप किया गया। पुलिस ने दोनों मामलों में गुरुवार को दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

पहला मामला शिवपुरी जिले के बामौरकला थाना क्षेत्र का है। चंदेरी निवासी एक 16 साल की नाबालिग कुछ महीने पहले बामौरकला के एक गांव में अपने रिश्तेदार के यहां आई थी। इसी दौरान आरोपी गोपाल आदिवासी उम्र 21 साल ने उसके साथ बलात्कार किया। डर के कारण वह चुप रही और वापस चंदेरी लौट गई।

पेट दर्द की शिकायत पर डॉक्टर ने की पुष्टि
30 जनवरी को नाबालिग को पेट दर्द की शिकायत पर अशोकनगर जिला अस्पताल लाया गया। जांच में उसके गर्भवती होने की पुष्टि हुई। अस्पताल प्रबंधन ने पुलिस को सूचना दी। अशोकनगर कोतवाली में जीरो एफआईआर दर्ज कर मामला बामौरकला थाने भेजा गया। पुलिस ने 3 फरवरी को केस दर्ज किया और गुरुवार को आरोपी गोपाल आदिवासी को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।

नाबालिग को पत्नी बनाकर 7 दिन लगातार बलात्कार
दूसरा मामला शिवपुरी के सुभाषपुरा थाना क्षेत्र का है। 26 जनवरी को यहां से एक 16 वर्षीय नाबालिग लापता हो गई थी। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने उसे तलाशा और 7 दिन बाद बरामद किया।

नाबालिग ने बताया कि आरोपी अर्जुन आदिवासी उम्र 19 वर्ष उसे बहला-फुसलाकर झांसी ले गया था। वहां उसने शादी की और पत्नी बताकर कई बार बलात्कार  किया। पुलिस ने रेप और पॉक्सो एक्ट की धाराएं बढ़ाईं और गुरुवार को आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।