Shivpuri News: सनातन की नई नींव, शिवपुरी में बनेगा भव्य परशुराम मंदिर और वेद पाठशाला

Adhiraj Awasthi
शिवपुरी 
| अक्षय तृतीया के पावन पर्व पर शिवपुरी में सनातन परंपराओं को अक्षुण्ण बनाए रखने की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम उठाया गया है। मध्य क्षेत्रीय ब्राह्मण सभा शिवपुरी के तत्वाधान में और स्व. श्रीमती सावित्री देवी शर्मा की स्मृति में ग्राम फतेहपुर में गुरूकुल एवं वेद पाठशाला की स्थापना के लिए भूमि पूजन संपन्न हुआ।

दान और समर्पण की अनूठी मिसाल
मध्य क्षेत्रीय ब्राह्मण सभा के जिलाध्यक्ष व वरिष्ठ अधिवक्ता पंडित राजीव कृष्ण शर्मा ने इस पुनीत कार्य के लिए अपनी भूमि दान की है। इस परिसर में न केवल वेद पाठशाला संचालित होगी, बल्कि भगवान परशुराम जी का एक भव्य मंदिर भी निर्मित किया जाएगा। पंडित शर्मा का उद्देश्य समाज में व्याप्त कुरीतियों को समाप्त करना और भावी पीढ़ी को संस्कारों से जोड़ना है।

मासूम के हाथों हुआ मंगलारंभ
कार्यक्रम की सबसे विशेष बात यह रही कि भूमि पूजन किसी बड़े रसूखदार के हाथों नहीं, बल्कि पंडित राजीव कृष्ण शर्मा की 5 माह की पोती अयांशी के कर-कमलों द्वारा संपन्न कराया गया। अक्षय तृतीया के अबूझ मुहूर्त में नन्ही कन्या द्वारा किया गया यह पूजन चर्चा का विषय रहा।

सभी वर्गों को मिलेगा ज्ञान का लाभ
इस गुरुकुल में केवल ब्राह्मण ही नहीं, बल्कि समाज के अन्य वर्गों के इच्छुक बच्चों को भी संस्कृत भाषा और वेद पाठों का गहन ज्ञान दिया जाएगा। आधुनिकता के दौर में सनातन संस्कारों से नई पीढ़ी को अवगत कराने के लिए यह केंद्र एक मील का पत्थर साबित होगा।

गरिमामयी उपस्थिति
इस अवसर पर मध्य क्षेत्रीय ब्राह्मण सभा के प्रदेशाध्यक्ष पं. रामकुमार भार्गव, जिलाध्यक्ष पं. राजीव कृष्ण शर्मा, महासचिव पं. अनिल कुमार भार्गव एडवोकेट, पं. दयाशंकर पांडेय, पं. अरुण शर्मा एडवोकेट, पं. पंकज भार्गव, कमलेश यादव सहित समाज के अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। उपस्थित सभी जनों ने इस पुनीत कार्य की मुक्त कंठ से प्रशंसा की और इसे समाज के लिए एक बड़ी उपलब्धि बताया।