करैरा। शिवपुरी जिले के करैरा थाना सीमा में निवास करने वाली एक विवाहिता की हत्या की खबर मिल रही हैं। जहां एक पति ने अपनी ही पत्नी की गला दबाकर हत्या कर दी। घटना के बाद आरोपी ने खुद ही ससुराल पक्ष को फोन कर वारदात की जानकारी दी। पुलिस ने पति सहित देवर और देवरानी को भी गिरफ्तार कर लिया है।
मोबाइल बना विवाद की जड़
जानकारी के अनुसार, करेरा के टीला रोड क्षेत्र में रहने वाली नंदिनी साहू की शादी करीब 5 साल पहले संदीप साहू से हुई थी। दंपति का एक 4 साल का बेटा भी है। बताया जा रहा है कि नंदिनी के मोबाइल पर लंबे समय तक बातचीत करने को लेकर पति संदीप को शक था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद होता रहता था। कुछ दिन पहले संदीप ने गुस्से में आकर पत्नी का मोबाइल भी तोड़ दिया था।
घर छोड़ने की बात पर बढ़ा विवाद
शनिवार रात दोनों के बीच फिर विवाद हुआ। नंदिनी घर छोड़कर जाने लगी, जिस पर संदीप ने उसे रोकने की कोशिश की। इसी दौरान दोनों के बीच हाथापाई हुई और नंदिनी ने गुस्से में पति को थप्पड़ मार दिया।
बेडरूम में घोंट दिया गला
विवाद इतना बढ़ गया कि गुस्से में बेकाबू संदीप ने पत्नी को कमरे में दबोच लिया और गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। घटना के दौरान दोनों के बीच जबरदस्त संघर्ष हुआ—मृतका के शरीर पर नाखून और चोट के निशान मिले, जबकि आरोपी के हाथों पर काटने के निशान पाए गए।
हत्या के बाद खुद दी सूचना
वारदात के बाद संदीप ने नंदिनी के भाई को फोन कर घटना की जानकारी दी। परिजन मौके पर पहुंचे तो नंदनी का शव घर में पलंग पर पड़ा मिला। आरोपी ने परिजनों के सामने अपना जुर्म भी स्वीकार कर लिया।
देवर-देवरानी भी गिरफ्तार
पुलिस के अनुसार घटना के समय घर में देवर मोनू साहू और देवरानी रुचि साहू भी मौजूद थे। उनकी भूमिका संदिग्ध पाए जाने पर उन्हें भी आरोपी बनाकर गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम मेडिकल पैनल से कराकर तीनों आरोपियों को कोर्ट में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
%20(4)%20(1).webp)