जैन दूध डेयरी के मालिक पर तलवार से हमला, हमलावर का फिसला पैर, बच गई जान - Shivpuri News

शिवपुरी। खबर शहर के गुरूद्धारा चौराहे के पास स्थित जैन दूध डेयरी से आ रही है जहां रविवार की रात एक युवक ने तलवार से हमला करने का प्रयास किया,लेकिन हमलावर की  यह पूरी घटना डेयरी के बाहर लगे CCTV कैमरे मे कैद हो गई। हालांकि हमले से बचे डेयरी संचालक ने घटना की शिकायत थाने मे दर्ज नही कराई है। घटना का वीडियो सामने आने के बाद पुलिस उक्त युवक पर कार्यवाही की बात कह रही है।

जानकारी के अनुसार गुरूद्धारा चौराहे पर स्थित जैन दूध डेयरी पर कल हम्माल मोहल्ला निवासी अक्कू जाफरी तलवार लेकर आया और दुकान संचालक मुकेश जैन पर तलवार से हमला बोल दिया। गनीमत यह रही कि हमला करते समय युवक की चप्पल फिसल गई जिससे तलवार मुकेश जैन को नही लगी अन्यथा कोई बड़ा हादसा हो सकता था। हमले मे नाकाम रहा युवक धमकाने के बाद वहां ने चला गया। यह पूरी घटना सीसीटीवी मे कैद हो गई।

इस पूरी घटना के विषय मे जब डेयरी संचालक मुकेश जैन से बात कि गई तो उसने बताया कि उक्त युवक से उसे 1860 रुपये लेने थे। मुकेश ने जब फोन कर उससे रुपये मांगे तो इसी बात को लेकर युवक भड़क गया और शराब के नशे मे धुत्त होकर आए अक्कू ने उस पर हमला बोल दिया।

बताया जा रहा है कि उक्त युवक एक आदतन अपराधी है जिसके खिलाफ थाने मे पहले से कुछ मामले दर्ज हैं। शायद इसी डर के चलते कि युवक भविष्य मे किसी प्रकार की घटना को अंजाम न दे, डेयरी संचालक ने उक्त युवक के खिलाफ थाने मे मामला दर्ज नही कराया।