शहर में डंडा बैंक का एक और मामला आया सामने, एक और दुकानदार घर छोड़कर भागा: मामला दर्ज - Shivpuri News

शिवपुरी। खबर शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले पोहरी रोड से आ रही है यहां सिद्धिविनायक हॉस्पिटल के सामने दुकान करने वाले विनय शिवहरे ने सूदखोरों व डंडा वसूली बैंक से परेशान होकर घर छोड़ कर कहीं चला गया। उक्त युवक ने ली गई रकम में से आधी रकम वापस कर दी थी लेकिन सूदखोर लगातार उसे प्रताड़ित कर रहे थे। इस इस पूरे मामले की जानकारी युवक ने व्हाट्सएप पर वीडियो भेजकर परिजन को दी। जिसको लेकर युवक के पिता ने कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज करवाई है।

दुकान संचालक विनय शिवहरे के पिता दीनदयाल शिवहरे ने बताया कि दीपक खटीक, संतोष रावत, अमित धाकड़, सोनू ठाकुर, पवन धाकड़, विकास धाकड़, देवेंद्र रावत, हल्के धाकड़, संतोष रावत, हरिओम यादव, बंटी धाकड़, नीरज धाकड़, कपिल शर्मा, विनय शर्मा आदि लोगों से मेरे बेटे द्धारा उधार लिए गए रुपयों के एवज में 10 प्रतिशत व 20 प्रतिशत का रुपया मांग रहे हैं। जबकि मेरे बेटे ने उधार लिए गए रूपयों में से आधी रकम लौटा दी है।

इसके बावजूद मेरे बेटे से अवैध रूप से दोगुना पैसा मांगने एवं अधिक ब्याज दर पर वसूली करने तथा न देने पर लगातार मारपीट कर जान से मारने की धमकी दी जा रही थी। इससे मेरे बेटे ने 1 मार्च से पहले डर के कारण घर छोड़ कर चला गया। इसके बाद व्हाट्सएप पर वीडियो बनाकर भेजा है जिसमें उसने आरोपियों की प्रताड़ना व ब्याज वसूली के संबंध में बात कही है। मामले में पुलिस ने केस दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।