शिवपुरी। तीसरी लहर में कोरोना से एक और मरीज की मौत हो गई है। इससे पहले एक महिला दम तोड़ चुकी है। इस तरह तीसरी लहर में दो मरीजों की जान जा चुकी है। लापरवाही की बात यह रही कि मरीज की रिपोर्ट आने से पहले ही परिजन उसे अपने संग ले गए। कोटा ले जाने की कहकर रास्ते में जाते वक्त मरीज ने दम तोड़ दिया। मृतक जीएमसी हॉस्पिटल में भर्ती था।
जानकारी के मुताबिक कोलारस तहसील के ग्राम लेवा के नजदीक पिपरौदा निवासी पदम उम्र 35 साल पुत्र हरनाम धाकड़ को परिजनों ने शुक्रवार की सुबह 11:30 बजे जीएमसी हॉस्पिटल शिवपुरी भर्ती कराया था। इलाज शुरू करने के साथ ही उसका सैंपल टेस्ट लिया गया। सैंपल रिपोर्ट आने से पहले ही शनिवार को उसके परिजन सुबह 10 बजे जीएमसी पहुंचे और मरीज को कोटा ले जाने की बात कहने लगे।
परिजनों की जिद के बचने प्रबंधन ने लिखित में लेकर मरीज को सुपुर्द कर दिया। बताया जा रहा है कि शहर से करीब 10 किमी दूरी पर ही पहुंचे होंगे, रास्ते में ही पदम धाकड़ ने दम तोड़ दिया। इधर दोपहर को पदम की आरटीपीसीआर रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव निकली।
एक नया केस निकला, 11 कोरोना मरीज स्वस्थ हुए जिले में शनिवार को 288 सैंपल टेस्ट रिपोर्ट में 1 कोरोना पॉजिटिव केस आया है। हालांकि 11 मरीज स्वस्थ हो गए हैं। इसी के साथ अब एक्टिव केस भी घटकर 40 रह गए हैं। तीसरी लहर धीरे-धीरे खत्म होने की ओर है। तीसरी लहर घातक नहीं होने से लोगों को राहत है।