Shivpuri News, नाबालिग का अपहरण, राधे केवट पर शक-SP के पास पहुंचा परिवार

Adhiraj Awasthi

शिवपुरी। शिवपुरी शहर के पुलिस अधीक्षक कार्यालय पर आज एक लापता नाबालिग के माता-पिता शिकायत लेकर पहुंचे। माता पिता का कहना था कि हमारी मानसिक रूप से बीमार नाबालिग बेटी का एक युवक अपहरण कर ले गया।  पीड़िता के भाई ने रन्नौद पुलिस पर सुनवाई न करने का गंभीर आरोप लगाते हुए बुधवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय में शिकायती आवेदन सौंपा है।

जानकारी के अनुसार ग्राम मेघोना डांग थाना रन्नौद की रहने वाले मनोज केवट ने बताया कि मेरी नाबालिग बहन जिसकी मानसिक स्थिति ठीक नहीं है, घर में सो रही थी। सुबह 4 बजे जब परिवार जागा, तो वह गायब मिली। गांव में पूछताछ करने पर पता चला कि रात में एक अज्ञात गाड़ी गांव में आई थी। मुझको शक है कि ग्राम मालाखेड़ी निवासी राधे केवट ने अपने साथियों और गांव में ही रहने वाली अपनी बुआ उमा व वर्षा के साथ मिलकर उसकी बहन को अगवा किया है।

मनोज का आरोप है कि घटना के तुरंत बाद 9 फरवरी को उन्होंने रन्नौद थाने में शिकायत दर्ज करानी चाही, लेकिन वहां तैनात अधिकारियों ने मामले को गंभीरता से नहीं लिया और कोई सुनवाई नहीं की। 3 दिन बीत जाने के बाद भी नाबालिग का कोई सुराग नहीं लगा है, जिससे परिवार किसी अनहोनी की आशंका से डरा हुआ है।

जिंदा है या मर गई, पता नहीं
भावुक भाई ने एसपी को बताया कि उसे नहीं मालूम कि उसकी बहन किस हाल में है। आरोपी राधे और उसके मददगारों ने मिलकर किशोरी को गायब कर दिया है। पीड़ित परिवार ने मांग की है कि जल्द से जल्द आरोपियों को गिरफ्तार किया जाए और नाबालिग को बरामद कर परिजनों के सुपुर्द किया जाए।


Virus-free.www.avast.com