शिवपुरी। जमाना तेजी से बदल रहा हैं। इस बदलते जमाने में कुछ समाजिक रिति रिवाज भी बदल रहे हैं। इसी बदलाव के चलते शिवपुरी नगर के नबाव साहब रोड पर निवासरत एक सास ससुर ने माता पिता से बढकर अपनी विधवा बहू के खुशमय जीवन के लिए उसकी दूसरी शादी कर दी। यह शादी समाज में एक मिशाल बन सकती हैं एक साल की बेटी जिसके सिर से पिता का साया उठ गया उसे पिता मिल गया और शादी के 3 साल बाद पति के कोरोना में चले जाने के बाद उसे जीवन साथी मिल गया।
शहर के नवाब साहब रोड पर रहने वाले शिक्षक अशोक चौधरी के बड़े बेटे सूरज चौधरी जो यू ट्यूब पर द रोट नाम से ब्लॉग चलाकर सुर्खियां बटोर रहा था। उसका 2018 में फतेहपुर सीकरी में रहने वाली सपना चौधरी के साथ विवाह हुआ। इसके बाद इनके घर बेटी का जन्म हुआ, जिसे आरू उर्फ जीविका नाम दिया। अचानक अप्रैल 2021 में यूपी पंचायत चुनाव के सिलसिले में सूरज को अपने गृह गांव मथुरा के पास सादाबाद तहसील में बने बबूल का नगला जाना पड़ा।
जहां पर वह अचानक कोरोना संक्रमित हो गया। उसे पता ही नहीं चला कि किसके संपर्क में आकर वह कोरोना की चपेट में आ गया। इसी स्थिति में जब वह शिवपुरी आया तो उसे उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया, यहां लगातार उसका ऑक्सीजन लेवल डाउन हुआ और हालात बिगड़ गई। अचानक 10 मई 2021 को उपचार के दौरान ही उसका निधन हो गया। इसके बाद उसकी पत्नी सपना चौधरी, भाई मनोज चौधरी, पिता अशोक चौधरी और सेवानिवृत्त जिला शिक्षा अधिकारी दादा सरदार सिंह चौधरी की तो दुनिया ही उजड़ गई।
सेवानिवृत्त जिला शिक्षा अधिकारी दादा सरदार सिंह चौधरी ने अपने पोते की बहू की यह हालत देखी नही गई और वह अपने स्वर्गवासी पोते की बेटी आरू को भी नही खोना चाहते इस कारण दादा सरदार सिंह ने समाज से विपरित यह निर्णय लिया कि वह अपने छोटे पोते मनोज चौधरी से अपने बडे पोते की विधवा बहू सपना से कराऐंगें और उन्होने यह निर्णय परिवार के सभी सदस्यों को बताया।
अरु को पहले जन्मदिन पर मिला पिता रूपी उपहार
नए रिश्ते की शुरुआत के लिए बहू के मायके भी सास-ससुर पहुंचे और उनकी सहमति मिल जाने के बाद जिस दिन नातिन आरू का जन्मदिन आता है उसी दिन मनोज और सपना की शादी करना तय किया। ताकि उन दोनों को नया जीवन मिले और नातिन को विरासत में पिता रूपी उपहार। खास बात यह रही कि ससुर अशोक चौधरी और उनके पिता द्वारा लिया गया निर्णय ना केवल रिश्तेदारों ने सराहा, वरन आसपास के लोगों सहित समाज में बदलाव लाने वाला यह बेहतर कदम बताया।