शिवपुरी। शिवपुरी जिले में पुलिस ने महिला एवं बाल अपराधों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए एक ओर जहां बलात्कार के मामले में 24 घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेजा, वहीं दूसरी ओर ऑपरेशन मुस्कान के तहत तीन अलग-अलग मामलों में अपहृत नाबालिग बालिकाओं को सुरक्षित बरामद कर उनके परिजनों को सौंप दिया। पुलिस की इन त्वरित कार्रवाइयों से एक ओर जहां अपराधियों में खौफ पैदा हुआ है, वहीं आम जनता में भरोसा भी बढ़ा है।
अमोला में बलात्कार, 24 घंटे में आरोपी गिरफ्तार
चौकी आमोलपठा थाना अमोला क्षेत्र में एक नाबालिग बालिका के साथ बलात्कार का सनसनीखेज मामला सामने आया। पीड़िता ने शिकायत में बताया कि गांव के ही रामकिशन कुशवाह ने उसे बहाने से नर्सरी में बुलाकर उसके साथ दुष्कर्म किया, जबकि एक अन्य व्यक्ति निगरानी करता रहा।
पुलिस ने मामला दर्ज कर महज 24 घंटे के भीतर मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। वहीं एक विधि-विरुद्ध बालक को किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष पेश कर सुधार गृह भेजा गया।
पोहरी, महीनों से लापता बालिका मिली
थाना पोहरी पुलिस ने ऑपरेशन मुस्कान के तहत जनवरी से लापता एक नाबालिग बालिका को लगातार प्रयासों के बाद अहेरा आदिवासी बस्ती से सुरक्षित बरामद किया। बालिका को सकुशल परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।
नरवर, इंदौर से मिली अपहृत बालिका
थाना नरवर पुलिस ने भी त्वरित कार्रवाई करते हुए एक अन्य अपहृत नाबालिग बालिका को इंदौर के बाणगंगा क्षेत्र से दस्तयाब किया। पुलिस टीम ने तकनीकी और मुखबिर तंत्र की मदद से बालिका को सुरक्षित वापस लाकर परिवार को सौंपा।
सुभाषपुरा, 24 घंटे में बालिका बरामद, आरोपी नाबालिग गिरफ्तार
थाना सुभाषपुरा पुलिस ने भी तत्परता दिखाते हुए महज 24 घंटे में अपहृत बालिका को बरामद कर लिया। जांच में सामने आया कि एक नाबालिग लड़का उसे बहला-फुसलाकर ले गया था और उसके साथ गलत काम किया। पुलिस ने आरोपी बालक को अभिरक्षा में लेकर किशोर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे सुधार गृह भेजा गया।
