शिवपुरी, लाखों की भीड़ में चंद्र को मिली पूनम, पहले प्यार फिर सगाई अब भागकर कर ली शादी

Adhiraj Awasthi
Uploaded Image
लडका शिवपुरी जिले के पिछोर तहसील के चौमुहां का रहने वाला चंद्रपाल यादव है दोनों कुंभ के मेले में मिले थे प्यार हुआ घर वालो ने सगाई कर दी लेकिन बाद मे तोड दी थी। दोनो ने भागकर शादी कर ली और अब एसपी शिवपुरी को सुरक्षा को लेकर आवेदन दिया है।

शिवपुरी। शिवपुरी एसपी ऑफिस में पहुंचा एक आवेदन किसी फिल्म की स्टोरी जैसा है,लाखो में एक से हुआ प्यार जैसी हेडलाइन बनाने वाली खबर है। लाखो लोगो की भीड जुटाने वाले कुंभ मेले मे एक युवक का युवती से आंखें मिलना और प्यार होना,उसके बाद इस प्यार पर दो परिवारों की की रजामंदी में मुहर लगना,लव स्टोरी सीधी जा रही थी लेकिन इस कहानी में मोड़ जब आया जब युवती के परिजनों ने इस सगाई को तोड दिया,लेकिन प्यार करने वाले कहाँ मानते है भागकर शादी कर ली।

इस शादी से अब स्टोरी में प्रेमिका के घर वाले विलेन की भूमिका मे आ गए,परिजन रूपी विलेन से बचने के लिए इस नवजोडी ने शिवपुरी एसपी ऑफिस मे पहुंचकर शिवपुरी एसपी से मदद की गुहार लगाई है।  

शिवपुरी जिले के पिछोर तहसील ग्राम चोमुहा में निवास करने वाले चंद्रपाल पुत्र रमेश यादव उम्र 24 के साथ टीकमगढ़ जिले की ग्राम लखौरा निवासी पूनम पुत्री बलराम यादव शिवपुरी एसपी आफिस पहुंची और एक शिकायती आवेदन दिया था। प्रेमी जोड़े ने बताया कि उन्होंने भागकर आर्य समाज मंदिर में हिंदू रीति रिवाज से शादी कर ली है। पूनम का कहना है कि इस शादी से उसके परिजन नाराज है,हमारे साथ कोई भी अप्रिय घटना कर सकते है। इस कारण उन्हें सुरक्षा प्रदान की जाए।

पूनम यादव ने बताया कि  प्रयागराज कुंभ स्नान के लिए गई थी। इसी दौरान उसकी मुलाकात चंद्रप्रताप से हुई थी। लाखो लोगो की भीड वाले इस कुंभ मेले की भीड़ में हुई यह मुलाकात धीरे-धीरे अपनापन बन गई। दोनों ने एक-दूसरे से बातचीत की और फिर मोबाइल नंबर साझा कर लिए। इसके बाद दोनों के बीच लगातार बातचीत शुरू हुई और यह रिश्ता दोस्ती से बढ़कर प्रेम में बदल गया।

सजातीय होने से परिवार पहले हुए राजी, रिश्ता भी पक्का हुआ
पूनम ने बताया कि जब दोनों के प्रेम संबंध की जानकारी परिवारों को लगी, तो शुरुआत में किसी ने इसका विरोध नहीं किया। चूंकि दोनों एक ही समाज (सजातीय) से थे, इसलिए दोनों परिवारों ने आपस में बातचीत की और शादी के लिए सहमति भी दे दी। इतना ही नहीं, दोनों परिवारों की मौजूदगी में रिश्ता तय हुआ और सगाई भी करा दी गई।कुछ समय तक सब कुछ सामान्य और खुशहाल नजर आ रहा था। युवक-युवती को भी लगने लगा था कि उनका प्रेम अब परिवार की रजामंदी के साथ शादी में बदल जाएगा।

पिछोर बहुत दूर है’ कहकर तोड़ दी सगाई
पूनम का आरोप है कि बाद में उसके स्वजनों को यह लगने लगा कि पिछोर, टीकमगढ़ से काफी दूर पड़ता है, ऐसे में बेटी की शादी इतनी दूर करना ठीक नहीं होगा। यही सोच धीरे-धीरे परिवार के फैसले पर भारी पड़ गई और आखिरकार सगाई तोड़ दी गई। लेकिन इस फैसले को पूनम और चंद्रप्रताप ने स्वीकार नहीं किया। उनका कहना है कि वे दोनों एक-दूसरे के साथ खुश थे, इसलिए परिवारों के पीछे हटने के बाद उन्होंने अपना जीवन साथ बिताने का फैसला खुद कर लिया।


 4 अप्रैल को घर से भागे, आर्य समाज मंदिर में कर ली शादी
नवविवाहित जोड़े के अनुसार, परिवारों द्वारा रिश्ता तोड़े जाने के बाद उन्होंने काफी सोच-विचार किया और अंततः 4 अप्रैल को घर से भागकर शादी करने का निर्णय लिया। बताया गया है कि दोनों ने आर्य समाज मंदिर में पहुंचकर विधि-विधान से विवाह कर लिया। अब दोनों पति-पत्नी के रूप में साथ रहना चाहते हैं और अपनी शादी को कानूनी व सामाजिक सुरक्षा दिलाना चाहते हैं।

शादी के बाद मामला और तनावपूर्ण हो गया
पूनम का आरोप है कि उसके मायके पक्ष के लोग अब उसे और उसके पति के परिवार को जान से मारने की धमकियां दे रहे हैं। इससे नवविवाहित जोड़ा भयभीत है। युवती का कहना है कि अब उसे सिर्फ अपनी ही नहीं, बल्कि अपने पति और ससुराल वालों की सुरक्षा की भी चिंता सता रही है। इसी वजह से वह अपने पति के साथ शिवपुरी एसपी ऑफिस पहुंची और एक ज्ञापन सौंपकर सुरक्षा की मांग की।