शिवपुरी। अप्रैल माह का आज तीसरा सप्ताह शुरू हो चुका है। अब सूर्यदेव से शांति की उम्मीद रखना बेकार है,धीरे धीरे सूर्यदेव ने अपनी तपिश बढाना शुरू कर दी है। बीते रविवार को दोपहर के समय शहर की मुख्य सड़कों और बाजारों में सन्नाटा पसरने लगा है। रविवार को अधिकतम तापमान 36°C रिकॉर्ड किया गया, लेकिन राहत की कोई उम्मीद नहीं है। मौसम अनुसंधान केंद्र, भोपाल के अनुसार, आगामी पांच दिनों के भीतर पारे में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक का बड़ा उछाल आ सकता है। बारिश की संभावना शून्य होने के कारण अब अप्रैल में ही मई-जून जैसी भीषण गर्मी का अहसास होने लगा है।रविवार को दोपहर में हुआ सड़को पर सन्नाटा
रविवार अर्थात अवकाश का दिन होता है। बाजारों में भीड़ कम रहती है। बीते रोज दोपहर 2 बजे के बाद तेज धूप और गर्म हवाओं के कारण लोग घरों में ही रहना पसंद कर रहे हैं। बाजारों, सब्जी मंडियों और मुख्य मार्गो पर दोपहर के समय सामान्य दिनों की तुलना में भीड़ काफी कम दिखाई देने लगी है। व्यापारी भी मान रहे है कि दोपहर में ग्राहकों की संख्या घट गई है और लोग सुबह या शाम के समय ही खरीददारी के लिए बाजार पहुंच रहे हैं। गर्मी से बचाव के लिए युवक युवतियां चटक धूप में साफी, दुपट्टा और टोपी का सहारा लेते नजर आ रहे है। दोपहिया वाहन चालकों ने भी धूप से बचने के लिए चेहरे ढक कर निकलना शुरू कर दिया है। मौसम
पांच दिन में 3 से 5 डिग्री बढ़ेगा तापमान
मौसम अनुसंधान केंद्र भोपाल के वैज्ञानिक वीरेंद्र सिंह यादव ने बताया कि आगामी पांच दिन में तापमान में 3 से 5 डिग्री तक की बढ़ोतरी होने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार फिलहाल बारिश की संभावना बेहद कम है, जिससे आने वाले दिनों में गर्मी और अधिक परेशान कर सकती है। विशेषज्ञों ने नागरिकों को दोपहर में धूप से बचने, पर्याप्त पानी पीने और जरूरी होने पर ही घर से बाहर निकलने की सलाह दी है। मौसम के तेवर देखते हुए अप्रैल माह में ही मई-जून जैसी गर्मी महसूस होने लगी है।
दिन हुए गर्म रातो मे अभी भी राहत
शिवपुरी जिले में बीते 24 घंटे के दौरान अधिकतम तापमान में 1 डिग्री की बढ़ोतरी दर्ज की गई, जबकि न्यूनतम तापमान 2 डिग्री गिरा है। रविवार को अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 22 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। तापमान में बढ़ोतरी के साथ ही दोपहर के समय शहर की सड़कों पर सन्नाटा नजर आने लगा है।