शिवपुरी जिले के किसानों को 0% ब्याज पर मिलेगा लोन,पढ़िए क्यों और कैसे

Adhiraj Awasthi
Uploaded Image शिवपुरी। जिले के हजारों किसानों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने और साहूकारी कर्ज के चंगुल से मुक्त करने के लिए सरकार ने एक बड़ा कदम उठाया है। 14 अप्रैल से जिला सहकारी केंद्रीय बैंक शिवपुरी के तत्वावधान में एक विशेष सदस्यता अभियान शुरू होने जा रहा है। इस अभियान के तहत जिले की 86 बी-पैक्स (बहुउद्देशीय प्राथमिक कृषि साख सहकारी संस्थाओं) के माध्यम से 40 हजार नए किसानों को सदस्य बनाया जाएगा।

Farmers in Shivpuri District to Get Loans at 0% Interest: Read Why and How

खास बात यह है कि इन नए सदस्यों को सरकार की ओर से जीरो प्रतिशत ब्याज पर कृषि ऋण और उधार खाद-बीज की सुविधा प्रदान की जाएगी। किसान अपनी जमीन के रकबे के आधार पर अधिकतम 3 लाख रुपये तक का ऋण प्राप्त कर सकेंगे। इस अभियान का उद्देश्य न केवल किसानों को आर्थिक मदद देना है, बल्कि उन्हें सरकारी सहकारी तंत्र से जोड़कर सामाजिक रूप से भी सशक्त बनाना है।

जानकारी के मुताबिक जिला सहकारी केंद्रीय बैंक शिवपुरी अपनी वित्त पोषित बहुउद्देशीय प्राथमिक कृषि साख सहकारी संस्थाओं (बी-पैक्स) के जरिए 14 अप्रैल से 15 मई के बीच नए सदस्य जोड़ने के लिए अभियान चलाएगा। मप्र राज्य सहकारी बैंक भोपाल ने शिवपुरी जिले में 31 हजार 789 नए सदस्यों के रूप में किसानों को जोड़ने का लक्ष्य रखा है। लक्ष्य हासिल करने के लिए सहकारी बैंक शिवपुरी ने अपनी 12 शाखाओं और 86 बी-पैक्स को 40 हजार नए सदस्य जोड़ने का टारगेट जारी कर दिया है। समितियों के लिए नए सदस्य बनने वाले किसानों को सरकार की जीरो ब्याज पर ऋण और उधार खाद-बीज की सुविधा मिलने लगेगी।


जमीन रकबे के आधार पर किसान को अधिकतम 3 लाख रु. का मिलेगा ऋण
बी-पैक्स मुख्यालय पर 14 अप्रैल को सदस्यता अभियान की शुरुआत होगी। 14 अप्रैल से 20 अप्रैल तक गैर सदस्य किसानों की पहचान की जाएगी। पैक्स का सदस्य बनाने के लिए घर-घर संपर्क किया जाएगा। इच्छुक किसान 21 अप्रैल से 30 अप्रैल तक आवेदन जमा कर सकेंगे। आवेदनों का निराकरण 1 मई से 5 मई के बीच बोर्ड या प्रशासक बैठक के जरिए होगा।

सदस्यों को सूचित किया जाएगा। नवीन सदस्यों को ऋण वितरण के लिए 6 मई से 15 मई के बीच जरूरी तैयारी की जाएगी। अभियान के तहत बी-पैक्स के कार्य क्षेत्र में रहने वाले पात्र गैर सदस्य किसानों के लिए सदस्यता शुल्क 600 रु. रखा है। इसमें 100 रु. प्रवेश शुल्क और 500 रु. अंश पूंजी शामिल रहेगी।
जीरो ब्याज पर संस्थागत कृषि ऋण की सुविधा मिलेगी। कृषि आदान के रूप में खाद, बीज व कीटनाशक उचित मूल्य पर उपलब्ध होंगे। सरकारी अभियान के तहत लाभ मिलेंगे। सहकारी भागीदारी एवं सामाजिक सशक्तिकरण के तहत सहकारी संस्था के निर्णयों में भाग ले सकेंगे।

40 हजार सदस्य बनाने का लक्ष्य रखा है
नए सदस्य जोड़ने के लिए 14 अप्रैल से सदस्यता अभियान शुरू करने जा रहे हैं। शिवपुरी जिले में 86 समितियों के लिए 40 हजार सदस्य बनाने का लक्ष्य रखा है। नए सदस्यों को जीरो ब्याज पर ऋण व खाद-बीज आदि मिलेगा। -
आरएस भदौरिया, महाप्रबंधक, जिला सहकारी केंद्रीय बैंक शिवपुरी