शिवपुरी के रायश्री गांव मे रोटी मांगने पर विवाद, पति और ससुर ने मिलकर बहू को पीटा

Adhiraj Awasthi

शिवपुरी। शिवपुरी शहर के देहात थाना सीमा मे आने वाले रायश्री गांव मे निवास करने वाली एक पत्नि की पति और ससुर ने मिलकर इसलिए मारपीट कर दी क्योंकि घर पर रोटी खत्म हो चुकी थी। पति के पत्नि के मांगे पर पत्नि ने कह दिया कि रोटी खत्म हो गई,इससे भडक कर पति ने अपने पिता के साथ मिलकर विवाहिता की मारपीट कर दी। पुलिस ने महिला की फरियाद पर मामला दर्ज कर लिया हैं।

रात 3 बजे घर पहुंचा पति, आते ही मांगी रोटी
पीड़िता मिथलेश परिहार उम्र 28 साल  ने पुलिस को बताया कि उसका पति चरथ परिहार रात करीब 3 बजे घर पहुंचा। घर आते ही उसने पत्नी से रोटी मांगी। जब महिला ने कहा कि रोटी खत्म हो गई है, तो मामूली सी बात ने अचानक हिंसक रूप ले लिया। महिला का आरोप है कि रोटी न मिलने पर पति आगबबूला हो गया। इसी दौरान उसके ससुर चंदन परिहार ने भी उसका साथ दिया। दोनों ने पहले महिला को गंदी-गंदी गालियां दीं और जब उसने विरोध किया तो पति ने डंडे से हमला कर दिया। इस हमले में महिला के सिर में गंभीर चोट लगी और खून बहने लगा। इतना ही नहीं, उसके हाथ की कलाई में भी चोट आई।

ससुर ने भी नहीं छोड़ा, लात-घूंसों से बरसाए वार
पीड़िता ने आरोप लगाया कि मारपीट के दौरान उसका ससुर भी पीछे नहीं रहा। उसने भी महिला के साथ लात-घूंसों से जमकर मारपीट की, जिससे उसके पैर में चोट आई। घटना के समय ममता परिहार और रामदयाल परिहार भी मौके पर मौजूद थे, जिन्होंने पूरी घटना देखी।

शिकायत की तो जान से मारने की धमकी
महिला का कहना है कि मारपीट के बाद आरोपी यहीं नहीं रुके। दोनों ने उसे धमकी दी कि अगर उसने पुलिस में शिकायत की, तो उसे जान से मार दिया जाएगा। मामले की शिकायत मिलने के बाद देहात थाना पुलिस ने आरोपी पति चरथ परिहार और ससुर चंदन परिहार के खिलाफ मारपीट और धमकी की धाराओं में केस दर्ज कर लिया है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।