शिवपुरी में वन विभाग की कार्रवाई के बीच अचानक गिरी महिला कर्मचारी, अस्पताल में भर्ती

Adhiraj Awasthi

शिवपुरी। जिले के सतनवाड़ा वन परिक्षेत्र से एक चौंकाने वाली खबर सामने आई है। पचपेड़िया बीट में निरीक्षण के दौरान एक महिला फॉरेस्ट गार्ड की अचानक तबीयत बिगड़ गई और वह जंगल के बीच बेहोश होकर गिर पड़ीं। घटना के बाद मौके पर हड़कंप मच गया। महिला कर्मचारी को तत्काल सतनवाड़ा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।

पेड़ों की कटाई की सूचना पर पहुंची थी टीम
जानकारी के अनुसार 23 मार्च को पचपेड़िया बीट में पेड़ों की कटाई की सूचना मिलने पर ट्रेनी IFS अधिकारी जिज्ञासु अग्रवाल टीम के साथ मौके पर पहुंचे थे। इसी निरीक्षण में महिला फॉरेस्ट गार्ड मेघा सेंगर भी शामिल थीं।

पहले ही खराब तबीयत की दी थी जानकारी
सूत्रों के मुताबिक, मेघा सेंगर ने पहले ही अपनी तबीयत खराब होने की जानकारी दे दी थी। इसके बावजूद उन्हें टीम के साथ जंगल में निरीक्षण के लिए जाना पड़ा। बताया जा रहा है कि निरीक्षण के दौरान उनकी हालत धीरे-धीरे बिगड़ने लगी और कुछ ही देर बाद वह अचानक बेहोश हो गईं।

जंगल में गिरीं तो मचा हड़कंप, तुरंत अस्पताल ले जाया गया
महिला कर्मचारी के बेहोश होते ही मौके पर मौजूद टीम में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। इसके बाद उन्हें बिना देरी किए सतनवाड़ा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उनका इलाज शुरू किया। फिलहाल उनकी हालत पर नजर रखी जा रही है।

डॉक्टरों ने बताई वजह
डॉक्टरों के अनुसार, उस समय महिला कर्मचारी का ब्लड प्रेशर असंतुलित था और उन्हें घबराहट की शिकायत भी थी। प्राथमिक उपचार के बाद उनका इलाज जारी है।

ट्रेनी IFS बोले-तबीयत खराब होने की जानकारी नहीं थी
इस पूरे मामले में ट्रेनी IFS अधिकारी जिज्ञासु अग्रवाल ने कहा कि उन्हें महिला कर्मचारी की तबीयत खराब होने की पहले से जानकारी नहीं थी। उन्होंने बताया कि सामान्य निरीक्षण के दौरान अचानक उनकी तबीयत बिगड़ी, जिसके बाद उन्होंने खुद मेघा सेंगर को अस्पताल पहुंचाया और डॉक्टरों से भी बात की।