शिवपुरी में परिजनों से सुरक्षा की मांग करने SP के पास पहुंचा लव मैरिज वाला जोड़ा

Adhiraj Awasthi

शिवपुरी। जिले में प्रेम विवाह के बाद सुरक्षा की मांग को लेकर एक नवविवाहित जोड़े ने पुलिस अधीक्षक  कार्यालय में न्याय की गुहार लगाई है।  खुशबू योगी ने अपने पति सुमित योगी के साथ पहुंचकर एक आवेदन प्रस्तुत किया है, जिसमें उन्होंने अपने ही परिजनों से जान का खतरा बताया है।

मंदिर में विधि-विधान से किया विवाह
बीना की रहने वाली खुशबू योगी ने बताया कि वह और शिवपुरी जिले के पिछोर निवासी सुमित योगी एक-दूसरे से प्रेम करते हैं और दोनों ही हिंदू समाज से हैं। खुशबू के अनुसार, उसके माता-पिता उसकी मर्जी के खिलाफ किसी दूसरी जगह उसकी शादी तय कर रहे थे। इसी के चलते दोनों ने अपनी मर्जी से 15 फरवरी 2025 को एक मंदिर में भगवान को साक्षी मानकर हिंदू रीति-रिवाजों के साथ विवाह कर लिया।

जेवर या नकदी ले जाने के आरोपों का खंडन
आवेदन में खुशबू ने यह स्पष्ट किया है कि वह अपने माता-पिता के घर से किसी भी प्रकार के जेवर, नकदी या सोना-चांदी लेकर नहीं आई है। वह वर्तमान में अपने पति सुमित के साथ अपनी ससुराल पिछोर  में रह रही है और अपनी गृहस्थी संभाल रही है। खुशबू ने कहा कि उसके पति उसकी सुख-सुविधाओं का पूरा ध्यान रख रहे हैं और वह उनके संरक्षण में सुरक्षित महसूस कर रही है।

परिजनों से सुरक्षा की मांग
प्रार्थिया ने SP को दिए पत्र में स्पष्ट रूप से कहा है कि वह पूर्ण रूप से बालिग है और अपना भला-बुरा समझने में सक्षम है। उसने यह भी साफ किया कि उसे किसी ने डराया या धमकाया नहीं है, बल्कि उसने स्वयं अपनी मर्जी से यह कदम उठाया है। शादी के बाद से ही लड़की पक्ष की ओर से उन्हें जान से मारने की धमकियां मिल रही हैं, जिससे दंपति भयभीत है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से सुरक्षा और न्याय की अपील की है।