मौत के मुँह से खींच लाई खाकी,शिवपुरी स्टेशन पर ट्रैक और रेलगाडी के बीच गिरी महिला - shivpuri news

Adhiraj Awasthi

शिवपुरी। सोमवार की सुबह शिवपुरी रेलवे स्टेशन पर उस समय हड़कंप मच गया, जब ग्वालियर-भोपाल इंटरसिटी ट्रेन में चढ़ने के प्रयास में एक महिला यात्री अनियंत्रित होकर सीधे रेलवे ट्रैक पर जा गिरी। गनीमत रही कि मौके पर मौजूद जीआरपी जवान ने अपनी जान जोखिम में डालकर महिला को समय रहते बाहर खींच लिया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।

मिली जानकारी के अनुसार पुरानी शिवपुरी क्षेत्र की निवासी विजयलता मिश्रा अपने पति श्याम मिश्रा के साथ भोपाल जाने के लिए स्टेशन पहुंची थीं। सुबह करीब 8:30 बजे जैसे ही ग्वालियर-भोपाल इंटरसिटी एक्सप्रेस प्लेटफॉर्म पर आई और धीमी गति से चलने लगी, विजयलता ने चलती ट्रेन के डिब्बे में चढ़ने की कोशिश की। इसी दौरान उनका संतुलन बिगड़ गया और वह प्लेटफॉर्म व कोच के बीच के संकरे गैप से सीधे नीचे ट्रैक पर जा गिरीं।

जांबाज जवान और जागरूक यात्री ने बचाई जान
महिला को ट्रैक पर गिरता देख वहां ड्यूटी पर तैनात जीआरपी आरक्षक ललित कुमार बिना एक पल गंवाए हरकत में आए। उन्होंने अदम्य साहस का परिचय देते हुए ट्रेन की गति के बीच ही महिला को खींचकर सुरक्षित बाहर निकाला। इसी दौरान ट्रेन में सवार यात्री जाकिर (निवासी फिजिकल थाना क्षेत्र) ने तत्काल चेन खींचकर ट्रेन को रोक दिया। इन दोनों की संयुक्त सतर्कता से महिला की जान बच सकी।

अस्पताल में उपचार और पुलिस की अपील
हादसे के बाद घायल महिला को तुरंत एम्बुलेंस की मदद से जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका उपचार जारी है। प्रत्यक्षदर्शियों ने आरक्षक ललित कुमार के इस साहसिक कार्य की जमकर सराहना की है।

इस घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए जीआरपी थाना प्रभारी देवेंद्र कुमार ने कहा कि आरक्षक ललित की सतर्कता ने आज एक जीवन सुरक्षित किया है। उन्होंने यात्रियों से सख्त अपील की है कि "चलती ट्रेन में चढ़ना या उतरना जानलेवा हो सकता है। ट्रेन के पूरी तरह रुकने का इंतजार करें और सुरक्षा नियमों का उल्लंघन न करें।