Shivpuri News, थीम रोड पर एक्सीडेंट, रायश्री के पवन की मौत

Adhiraj Awasthi

शिवपुरी। शिवपुरी के कोतवाली थाना क्षेत्र के बडौदी इलाके में थीम रोड पर रविवार को एक सड़क हादसा हुआ। अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार 50 वर्षीय व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान रायश्री गांव निवासी पवन गिरी गोस्वामी उम्र 50 साल के रूप में हुई।

जानकारी के अनुसार, पवन गिरी गोस्वामी अपने गांव से शहर में घरेलू राशन लेने के लिए बाइक से आ रहे थे। यह घटना थीम रोड पर सर्किल जेल के पास हुई।

पीछे से आए एक अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगी रेलिंग से जा टकराई। हादसे में पवन गिरी गोस्वामी को गंभीर चोटें आईं और उन्होंने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लिया। शव को जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया, जहां रविवार शाम पोस्टमार्टम कराया गया। कोतवाली पुलिस ने इस संबंध में मर्ग कायम कर अज्ञात वाहन की तलाश शुरू कर दी है।