shivpuri news ,गर्लफ्रेंड को शराब में पिलाया जहर,पुलिस ने दबोचा बॉयफ्रेंड को

Adhiraj Awasthi

शिवपुरी। शहर के फिजिकल थाना क्षेत्र में रविवार को एक युवती की हत्या के प्रयास की सनसनीखेज वारदात सामने आई। आरोपी ने युवती को बहला-फुसलाकर न केवल शराब पिलाई, बल्कि उसे जान से मारने की नीयत से कीटनाशक दवा (जहर) भी पिला दी। इस पूरे घटनाक्रम में शिवपुरी पुलिस तत्परता दिखाते हुए महज 120 मिनट के भीतर आरोपी को घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया है।

दोस्ती के बहाने ले गया, फिर रची मौत की साजिश
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 8 फरवरी 2026 को दोपहर करीब 2 बजे करोदी कॉलोनी निवासी 23 वर्षीय आरोपी दिलीप धाकड़, अपनी ही कॉलोनी की 19 वर्षीय बेवी जाटव को बहला-फुसलाकर ग्वालियर बायपास की ओर ले गया। युवती द्वारा सिद्धि विनायक अस्पताल में दर्ज कराए गए बयानों के अनुसार, वहां एकांत में ले जाकर आरोपी ने उसे पहले जबरन शराब पिलाई और फिर जहरीली कीटनाशक दवा पिला दी। जब युवती की हालत बिगड़ने लगी और वह बेसुध होने लगी, तो आरोपी डर के मारे उसे अस्पताल के गेट के पास फेंक कर अपनी बाइक से फरार हो गया।

पुलिस की घेराबंदी और डिजिटल ट्रैपिंग
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अमन सिंह राठौड़ ने तत्काल विशेष टीम का गठन किया। फिजिकल टीआई नम्रता भदौरिया के नेतृत्व में पुलिस ने घटनास्थल के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। साथ ही साइबर सेल की मदद से आरोपी के मोबाइल की टावर लोकेशन ट्रेस की गई। लोकेशन कोलारस क्षेत्र के ग्राम मोहराई के आसपास मिलते ही पुलिस टीम ने तत्काल दबिश दी और घेराबंदी कर आरोपी दिलीप धाकड़ को धर दबोचा।

बरामदगी और कानूनी कार्रवाई
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर घटनास्थल के पास से वारदात में प्रयुक्त कीटनाशक दवा की खाली डिब्बी, शराब की कैन और उसकी मोटरसाइकिल जब्त कर ली है। आरोपी के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 109(1), 123 और एससी/एसटी एक्ट की गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। 9 फरवरी को आरोपी को न्यायालय में पेश किया जा रहा है।