शिवपुरी, CRPF परिसर मे हवलदार की मौत,फांसी लगाकर किया सुसाइड

Adhiraj Awasthi

शिवपुरी। शहर के देहात थाना अंतर्गत सीआरपीएफ में हवलदार के पद पर कार्यरत एक जवान ने सोमवार को वाहिनी परिसर में ही फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। देहात थाना पुलिस ने जवान के शव का पीएम कराकर मामले में आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। जवान हरियाणा का रहने वाला था, परिजन शव को साथ लेकर चले गए और मंगलवार को अंतिम संस्कार किया गया।

जानकारी के मुताबिक हरियाणा के नारनौल निवासी जोगेंद्र सिंह (48)79 बटालियन में पदस्थ थे और 15 से 20 दिन पहले ही शिवपुरी स्थित CRPF परिसर में आए थे। सोमवार को अज्ञात कारणों के चलते हवलदार ने फांसी लगाकर जान दे दी।

सीआरपीएफ के अधिकारियों ने मामले की सूचना देहात थाना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने जवान के शव का पीएम कराया। परिजन देर रात को हरियाणा ले गए और मंगलवार को पैतृक गांव बड़कौदा में अंतिम संस्कार किया गया। परिजनों का कहना है कि 2 दिन पहले ही जोगेंद्र सिंह ने सभी से अच्छे से बात की थी। इसके बाद घटना के क्या कारण रहे, पुलिस जांच में यह बात सामने आएगी। परिजन की माने तो जोगेन्द्र सिंह ने 2004 में सीआरपीएफ ज्वाइन की थी और पहले वह आरक्षक थे और फिर वह प्रमोशन के बाद हवलदार बन गए थे।