Shivpuri कांग्रेस में घमासान: BJP के साथ मिलकर काम कर रहे EX विधायक,सामूहिक इस्तीफे की चेतावनी

Bhopal Samachar

करैरा। कांग्रेस ने हाल ही में सूची जारी कर शिवपुरी जिले में कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्षों की घोषणा की है। करैरा विधानसभा क्षेत्र में बनाए गए कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्षों का कांग्रेस नेता और कार्यकर्ताओं ने विरोध किया है। पूर्व विधायक प्रागीलाल पर आरोप लगाया है कि उन्होंने भाजपा के लोगों को कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष बनाया है।

जिला महासचिव नवाब सिंह का कहना है कि जिले से करैरा में नवीन ब्लॉक अध्यक्षों की सूची जारी हुई है। इस सूची में भाजपा के लोगों को ब्लॉक की जिम्मेदारी दी गई है। जबकि कई सालों से हमारे कार्यकर्ता मेहनत कर रहे हैं, उन्हें छोड़ दिया गया है। ऐसे लोगों को जिम्मेदारी दी गई है, जो कभी भी कांग्रेस की मीटिंग में नहीं आए। भाजपा के मंचों पर बैठते थे, वे

आज कांग्रेस की जिम्मेदारी संभालने आए हैं। सबसे अधिक हमारे पूर्व विधायक प्रागीलाल ने जो जिलाध्यक्ष को सूची दी थी, वही पास कर दी गई है। प्रागीलाल, भाजपा के लोगों का समर्थन कर रहे हैं। शायद उनका यही सोचना है कि टिकट कटा तो यहां भाजपा जीतनी चाहिए, ऐसा मेरा मानना है। भाजपा जिलाध्यक्ष जसवंत जाटव और वे दोनों एक जगह बैठकर काम करते हैं। एक-दूसरे का साथ दे रहे हैं।

इसलिए भाजपा के लोगों को कांग्रेस में स्थान मिला है। कांग्रेस की बैठक के दौरान कार्यकर्ताओं ने जिलाध्यक्ष के खिलाफ नारे बुलंद कर दिए। बैठक में किसान कांग्रेस जिला अध्यक्ष पुरुषोत्तम रावत, पूर्व किसान कांग्रेस जिला अध्यक्ष मानसिंह फौजी, करैरा के पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष डीपी श्रीवास्तव, नरवर के पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष कालूराम कुशवाहा, करैरा ग्रामीण के पूर्व अध्यक्ष वीर सिंह गुर्जर, करैरा के पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष जितेंद्र भार्गव, ग्रामीण ब्लॉक अध्यक्ष खेमराज लोधी सहित सतीश खटीक, राजेंद्र व्याघ्र, नवाब सिंह बॅसले सहित कई कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

पूर्व अध्यक्ष बोले-यदि नहीं हटाए तो हम सब इस्तीफा देंगे
ग्रामीण ब्लॉक के पूर्व अध्यक्ष खेमराज लोधी का कहना है कि हमारी करैरा विधानसभा में प्रागीलाल की मनमानी बहुत बढ़ गई है। उन्होंने धांधली करके अपने बेटे को युवा कांग्रेस का पदाधिकारी बनाया। उसके बाद मेरी जगह भाजपा के अरविंद पाल को ब्लॉक अध्यक्ष बनाया। सिरसौद ब्लॉक में मोनू परिहार भी भाजपा का है। पहले मुखिया के पास बात रखेंगे। यदि नहीं हटाए तो हम सब इस्तीफा देंगे।