शिवपुरी, हुंडई औरा कार का कहर, सड़क पर 5 की मौत, पहले बाइक फिर स्कूटी को रौंदा - UP 32 VN 3954

Adhiraj Awasthi

शिवपुरी। शिवपुरी जिले में आज तेज रफ्तार ओरा कार का कहर देखने को मिला है। इस कार के कारण 3 लोग क्रूर काल का ग्रास बन गए। इस कार ने पहले स्कूटी को उडाया,जिसमे पिता पुत्री की मौत हो गई,उसके बाद एक बाइक पर चढ गई,इस हादसे में कार ड्राइवर की मौत हो गई। वही आज शिवपुरी की सडको पर 2 युवाओ की मौत होने की भी खबर मिल रही है।

जानकारी के अनुसार पिछोर विधानसभा के निदानपुर गांव के रहने वाले रहम सिंह लोधी आज अपनी बेटी जो 10वीं क्लास की स्टूडेंट है उसको लेकर आज पिछोर अपनी बाइक से उसे एग्जाम दिलाने ले गए थे। एग्जाम के बाद दोनों पिता-पुत्री अपनी बाइक से अपने गांव लौट रहे थे तभी रास्ते मे पढने वाले श्रीनगर गांव के पास स्थित मंदिर के समीप नए चौराहे मार्ग की ओर से आ रही एक तेज रफ्तार हुंडई की ओरा कार  क्रमांक UP 32 VN 3954 ने बाइक को उडा दिया,इस हादसे में 40 वर्षीय रहम सिंह लोधी और उनकी बेटी प्रियंका लोधी की मौके पर ही मौत हो गई।

अनियंत्रित होकर स्कूटी से भिड़ी कार, चालक की भी मौत
मोटरसाइकिल को टक्कर मारने के बाद कार पूरी तरह अनियंत्रित हो गई और आगे जाकर एक स्कूटी से जा भिड़ी। इस हादसे में कार चला रहे युवक की भी घटनास्थल पर ही जान चली गई। मृतक कार चालक की पहचान राहुल लोधी के रूप में हुई है, जो भौंती थाना क्षेत्र के ग्राम तिनधारी का निवासी था। कार की चपेट में आने से स्कूटी सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटनास्थल पर मौजूद लोगों की मदद से उसे प्राथमिक उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर उसे झांसी रेफर कर दिया गया है। पुलिस ने तीनों शवों का पंचनामा बनाकर जांच शुरू कर दी है।

इधर,14 साल के अंशुल की मौत
शिवपुरी जिले के खनियाधाना-पिछोर मुख्य मार्ग पर आज दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने से भिड़ंत हो गई, वहीं इसी बीच एक 14 वर्षीय किशोर की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि दूसरी बाइक पर सवार दो लोग जिंदगी और मौत के बीच जंग लड़ रहे हैं।

जानकारी के अनुसार 14 वर्षीय अंशुल प्रजापति पुत्र रामनिवास प्रजापति निवासी ग्राम पोठयाई अपने पिता को खेत पर खाना देकर अपने घर वापस लौट रहा था तभी अचानक तेज रफ्तार में दो बाइक सवार आये और जोर से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी की अंशुल दूर जा गिरा। वहीं हादसे के तुरंत बाद मौके पर पहुंची डायल 112 के आरक्षक जयवीर गुर्जर, आशीष राजपूत और चालक कंचन चौबे व नारायण सिंह यादव ने राहगीरों की मदद से घायलों को तत्काल खनियाधाना स्वास्थ्य केंद्र पहुँचाया।

कोलारस,जिंदगी की आस में निकले दिनेश की मौत  
कोलारस थाना सीमा में देहरदा गणेश में निवास करने वाला दिनेश जाटव उम्र 22 साल अपने दोस्त देवीलाल जाटव निवासी नेगमा के साथ बुधवार को अपनी बाइक से शहर के लिए दवाई लेने आ रहा था। परिजनों के अनुसार दिनेश की तबीयत खराब चल रही थी इस कारण वह दवाई लेने निकला था।

जैसे ही दिनेश की बाइक पडोरा के पास जाट होटल के पास स्थित पुल के पास पहुचा था सामने से आ रहे है रेड कलर के महिंद्रा 275 DI ट्रैक्टर के चालक ने लापरवाही से वाहन चलाते हुए बाइक को सीधी टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और दोनों युवक सड़क पर दूर जा गिरे।