Shivpuri कलेक्टर का हंटर, वसूली में लापरवाही पर भड़के, टर्मिनेट करने की चेतावनी

Adhiraj Awasthi

शिवपुरी | कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में गुरुवार को आयोजित जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक की समीक्षा बैठक में कलेक्टर रवीन्द्र कुमार चौधरी सख्त तेवर में नजर आए। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी है कि जनता के पैसे की वसूली में किसी भी तरह की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बैठक में न केवल लापरवाही पर नोटिस जारी किए गए, बल्कि खराब प्रदर्शन करने वालों को सेवा से बाहर करने तक का अल्टीमेटम दे दिया गया है।

लापरवाहों पर गिरी गाज, 5% से कम वसूली तो सीधे छुट्टी
कलेक्टर ने शाखावार समीक्षा करते हुए कम वसूली पर गहरी नाराजगी जताई और करैरा शाखा प्रबंधक राजीव कुमार चौहान और खतौरा प्रबंधक राकेश धाकड़ को तत्काल कारण बताओ नोटिस ( जारी किया गया है। वही जिन संस्थाओं की वसूली 5% से भी कम है, उनके प्रबंधकों को सेवा से पृथक  करने की प्रक्रिया शुरू करने के निर्देश दिए गए हैं। 20 मार्च तक हर हाल में 50% वसूली का लक्ष्य पूरा करना होगा, वरना दंडात्मक कार्रवाई तय है।

बचत और सम्मान,शिवपुरी का बढ़ा मान
कलेक्टर ने जहाँ एक ओर सख्ती दिखाई, वहीं दूसरी ओर बैंक की उपलब्धियों को भी सराहा। रासायनिक खाद के बेहतर परिवहन प्रबंधन (FOR माध्यम) से बैंक ने करीब डेढ़ करोड़ रुपये बचाए हैं, जिसके लिए प्रमुख सचिव ने कलेक्टर को प्रशंसा पत्र सौंपा है।
वर्ष 2026-27 में 31,606 किसानों को 66.06 करोड़ रुपये का ब्याज मुक्त ऋण बांटा गया है, जिसके लिए नाबार्ड ने जिले को राज्य स्तर पर सम्मानित किया है।

घर-घर पहुँचेगी खाद, गबन करने वालों पर होगी FIR
बैठक में किसानों के हित में भी बड़े फैसले लिए गए,इस बैठक में जिला कलेक्टर ने बैराड़ क्षेत्र की समितियों को निर्देश दिए गए कि किसानों को घर-घर तक खाद पहुंचाने की व्यवस्था की जाए। जिन समितियों में फर्जी ऋण या गबन की शिकायत मिलेगी, वहाँ सीधे FIR दर्ज कराई जाएगी।  जिले की सभी 86 समितियों (PACS) को ऑनलाइन कर दिया गया है, जिससे खाद और ऋण वितरण में अब पूरी पारदर्शिता रहेगी।