Shivpuri News, मौत से पूर्व सनम ने जीतू धाकड के नाम मंगलसूत्र पहन लिया था,पढिए मामला

Adhiraj Awasthi

शिवपुरी। शिवपुरी जिले के कोलारस थाना सीमा में स्थित गुडा रोड पर रेलवे क्रासिंग के पास एक खेत मे लगे नीम के पेड पर एक प्रेमी युगल की लाश एक दुपट्टे  लटकी मिली थी,नाबालिग मृतिका गले मे मंगलसूत्र पहने हुई थी। इससे कयास लगाए जा रहा है कि समाज ने इन दोनो की शादी को मान्यता नही दी इस कारण दोनो ने मौत से पूर्व शादी कर ली थी।

जानकारी के अनुसार बीते बुधवार की सुबह गुड़ा रोड रेलवे क्रासिंग के पास विजय जाटव के खेत में एक युवक युवती के शव नीम के पेड़ पर लटके हुए मिले थे। दोनों के शव एक ही दुपट्टे से लटके हुए थे। मामले की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने जब शवों को पेड़ से उतारकर मामले की विवेचना शुरू की तो युवक-युवती की ग्राम मदनपुरा थाना बदरवास निवासी जितेंद्र धाकड़ उम्र 19 साल व सनम आदिवासी उम्र 18 साल के रूप में की गई।

बताया जा रहा है कि दोनों 25 फरवरी को घर से अचानक गायब हो गए थे। इसके बाद उनके शव पेड़ पर लटके मिले। मृतिका के गले में मंगलसूत्र पहना हुआ था, जिससे ऐसा प्रतीत हो रहा है कि संभवत: मरने से पहले दोनों ने आपस में प्रेम विवाह कर लिया होगा। पुलिस ने दोनों के शवों का पीएम करवा कर मर्ग कायम कर मामले की विवेचना शुरू कर दी है।

चार माह पहले भी घर से भागे थे दोनों
पुलिस विवेचना में यह बात भी सामने आई है कि युवक-युवती में पिछले लंबे समय से प्रेम-प्रसंग चल रहा था। दोनों शादी करके एक साथ जीवन व्यतीत करना चाहते थे, परंतु युवक धाकड़ समाज का तथा युवती आदिवासी समाज की होने के कारण यह संभव नहीं हो पाया। इसी के चलते दोनों अक्टूबर 2025 में घर से भाग गए थे। इसके बाद युवक के खिलाफ बदरवास थाना में अपहरण का मामला दर्ज कर मामले की विवेचना शुरू की गई। पुलिस ने युवक-युवती को बरामद कर युवक को जेल भेज दिया था।

जमानत से छूट कर आया और लगा लिया मौत को गले
 जितेंद्र धाकड़ पिछले कुछ समय से जेल में बंद था। वह युवती के अपहरण के मामले में 11 फरवरी को ही जेल से जमानत पर रिहा हुआ था। प्रथम दृष्टया माना जा रहा है कि जेल से छूटने के बाद एक बार फिर से युवक-युवती मिले और उन्होंने यह मान लिया कि उनका साथ जीना मुमकिन नहीं है, इसी कारण उन्होंने एक साथ मौत को गले लगा लिया।