शिवपुरी। शिवपुरी में भारतीय जनता पार्टी ने कमाल कर दिया,अतिथि शिक्षक को मंडल अध्यक्ष घोषित कर दिया। भारतीय जनता पार्टी के जिला अध्यक्ष के अनुसार अतिथि शिक्षक शासकीय कर्मचारी नहीं होता है। भाजपा ने जिले में 29 मंडल में से 25 के अध्यक्ष पहले ही घोषित कर दिए थे। गुरुवार को मुहारी, करैरा, भौंती और पोहरी मंडल अध्यक्ष की भी घोषणा कर दी गई। इनकी घोषणा सहमति न बनने से अटकी हुई थी।
खास बात यह है कि सरकारी स्कूल में बतौर अतिथि शिक्षक पदस्थ अरविंद लोधी को भी मंडल अध्यक्ष बना दिया गया है। उन्हें मुहारी मंडल की कमान सौंपी गई है। अरविंद पहले भाजपा के बूथ अध्यक्ष रह चुके हैं। वे पहले अपने गांव के निजी स्कूल में शिक्षक थे। बाद में उज्जैन के पास बरखेड़ा में अतिथि शिक्षक के रूप मैं कार्यरत हो गए। हालांकि इस संबंध में अरविंद लोधी का कहना कि वे पता करेंगे कि अतिथि शिक्षक की नौकरी और मंडल है अध्यक्ष का दायित्व दोनों एक साथ निभा सकता हूं अथवा नहीं। इनके अलावा वीनस गोयल को करैरा, बसंत श्रीवास्तव को भौंती और आशुतोष जैमिनी को पोहरी मंडल का अध्यक्ष बनाया गया है।
विधायक प्रीतम लोधी के करीब हैं अतिथि शिक्षक अरविंद
मुहारी मंडल अध्यक्ष बने अरविंद लोधी पिछोर विधायक प्रीतम लोधी के करीबी माने जाते हैं। विधानसभा चुनाव लड़ने के लिए उन्होंने निर्दलीय नामांकन दाखिल किया था, लेकिन बाद में अपना समर्थन प्रीतम लोधी को दे दिया था। माना जा रहा है कि इसी समर्थन का पारितोषिक उन्हें मंडल अध्यक्ष बनाकर दिया गया है। उनकी नियुक्ति को जातिगत संतुलन से भी जोड़ा जा रहा है। खनियाधाना और आसपास के क्षेत्र में लोधी समाज की जनसंख्या अधिक है।
केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के समर्थक वीनस गोयल और बसंत श्रीवास्तव को भाजपा ने फिर मौका दिया है। वीनस को करैरा और बसंत को भौंती मंडल की कमान सौंपी गई है।
अतिथि शिक्षक हैं तो क्या हो गया
यदि अरविंद लोधी अतिथि शिक्षक हैं, तो क्या हो गया, वे शासकीय शिक्षक थोड़े ही हैं। पार्टी की जिम्मेदारी को वे बेहतर ढंग से निभाएंगे। -जसमंत जाटव, जिला अध्यक्ष, भाजपा शिवपुरी
अतिथि शिक्षक राजनीतिक पद पर नहीं रह सकते
चाहे अतिथि शिक्षक हो या कोई अन्य, सरकारी स्कूल में काम करते हुए किसी भी राजनीतिक पद पर नियुक्त नहीं रह सकते। शासकीय सेवा के नियम तो यही कहते हैं।-
विवेक श्रीवास्तव, डीईओ शिवपुरी