शिवपुरी। वर्तमान में जिले में लगातार और अधिक वर्षा हो रही है, जिसके कारण कई कृषकों द्वारा भूमि में बोनी की उपयुक्त स्थिति न होने के कारण बोनी नहीं की जा सकी है। इस परिस्थिति को दृष्टिगत रखते हुए कलेक्टर रविंद्र कुमार चौधरी के निर्देशन में उप संचालक कृषि पान सिंह करौरिया द्वारा कृषकों को आवश्यक सुझाव दिए गए हैं। उन्होंने बताया कि जिन किसानों ने अभी तक बोनी नहीं की है, वे सोयाबीन की जल्दी पकने वाली किस्में, जैसे JS-9560 और JS-2034 की बोनी 25 जुलाई तक कर सकते हैं। साथ ही तिल, मूंग एवं उड़द जैसी जल्दी पकने वाली फसलों की बोनी भी इस समय की जा सकती है।
पूर्ण मेड़ पद्धति से बोनी करने की सलाह दी गई है ताकि जलभराव की स्थिति में फसलों को क्षति से बचाया जा सके। जिन खेतों में मूंगफली, मक्का या सोयाबीन की बोनी पहले ही की जा चुकी है, उनमें जल निकासी की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने की आवश्यकता बताई गई है।
बोनी के 20 से 25 दिन बाद खरपतवार नियंत्रण हेतु खरपतवारनाशी दवाओं का वैज्ञानिक पद्धति से उपयोग करें। दवाओं का मिश्रण वैज्ञानिकों की सलाह के बिना न किया जाए एवं आवश्यक मात्रा में पानी का उपयोग किया जाए। इसके अतिरिक्त उद्यानिकी फसलों में अजवाइन की खेती भी की जा सकती है। यदि लगातार वर्षा के कारण जुलाई माह में बोनी नहीं की जा सकी तो सितंबर में तौरिया सरसों की जल्द बोनी कर दिसंबर में रबी की लेट फसलें तथा धनिया की फसल भी ली जा सकती है।