शिवपुरी। मध्य प्रदेश के लोक शिक्षण संचालनालय से जारी पत्र में राज्य शिक्षा केंद्र की ओर से शिक्षक दिवस पर शिक्षकों के सम्मान कार्यक्रम के आयोजन के बारे में बताया गया है। साथ ही इस पत्र में राज्य शिक्षा केंद्र ने देश के पहले राष्ट्रपति के नाम की जगह डॉ सर्वपल्ली राधाकृष्णन का नाम लिखा है, जबकि वे प्रथम उप राष्ट्रपति थे।
राज्य शिक्षा केंद्र ने जारी पत्र में बताया कि शिक्षक दिवस के अवसर पर राज्य स्तरीय शिक्षक सम्मान समारोह 5 सितंबर 2022 को भोपाल में आयोजित होना है। उक्त कार्यक्रम में राज्य स्तरीय शिक्षक सम्मान हेतु चयनित शिक्षकों को राज्यस्तरीय भव्य समारोह में सम्मानित किया जाएगा।
इसी क्रम में शिक्षकों के सम्मान में प्रदेश के सभी प्राथमिक, माध्यमिक, हाई स्कूल, हायर सेकेण्डरी विद्यालयों, आश्रम शाला एवं प्रशिक्षण संस्थानों में शिक्षक दिवस के कार्यक्रम में भारत के प्रथम राष्ट्रपति डा सर्वपल्ली राधाकृष्णन को श्रद्धा सुमन अर्पित कर उनके व्यक्तित्व कृतित्व पर प्रकाश डाला जाए तथा इस अवसर पर शिक्षक सम्मान कार्यक्रम संस्था स्तर पर आयोजित कर शिक्षकों को सम्मानित किया जाए।
देश के पहले राष्ट्रपति का नाम भूले
देश की सभी शैक्षणिक संस्थानों में बच्चों को देश का पहला राष्ट्रपति डॉ राजेंद्र प्रसाद को बताया जाता है और वही देश के पहले राष्ट्रपति भी थे। लेकिन, इस पत्र में डॉ सर्वपल्ली राधाकृष्णन को देश का पहला राष्ट्रपति बताया गया है, जबकि वह भारत के प्रथम उप.राष्ट्रपति और दूसरे राष्ट्रपति रहे।
वह भारतीय संस्कृति के संवाहक, प्रख्यात शिक्षाविद, महान दार्शनिक एवं एक आस्थावान हिन्दू विचारक थे। उनके इन्हीं गुणों के कारण 1954 में भारत सरकार ने उन्हें सर्वोच्च सम्मान भारत रत्न से सम्मानित किया था। डॉ राजेंद्र प्रसाद थे आजाद भारत के पहले राष्ट्रपति थे जिन्होंने राष्ट्रपति का पदभार संभाला था।