भाजपा चुनाव: शिवपुरी के चारों मंडलों के लिए नए पैनल भेजे | Shivpuri News

Bhopal Samachar
शिवपुरी। कल शिवपुरी विधानसभा क्षेत्र के चारों मंडलों में भाजपा मंडल अध्यक्ष के चुनाव के लिए चुनाव प्रक्रिया पार्टी संविधान के अनुसार संपन्न न होने के कारण इन मंडलों के चुनाव निरस्त कर दिए गए थे और दोबारा चुनाव कराने के लिए चारों मंडलों में निर्वाचन प्रक्रिया पुन: हुई जिसमें नवनियुक्त पर्यवेक्षक और मंडल निर्वाचन अधिकारी उपस्थित रहे।

हालांकि जिला निर्वाचन अधिकारी जसवंत हाडा की मौजूदगी नहीं रही। शिवपुरी मंडल के चुनावों में बूथ प्रभारियों की उपस्थिति महज 50 प्रतिशत के लगभग ही रही और इन बूथ प्रभारियों से निर्वाचन अधिकारी ने तीन तीन नाम सुझाने को कहा तथा इस आधार पर तीन नामों का पैनल पार्टी को भेजा गया। यहीं प्रक्रिया शिवपुरी ग्रामीण और खोड़ मंडल के चुनाव में हुई।

शिवपुरी मंडल के चुनाव में 89 बूथ प्रभारियों में से 50 बूथ प्रभारी बैठक में उपस्थित रहे। उनसे पूछताछ के बाद जो नाम सामने आए वे थे विपुल जैमिनी, आशुतोष शर्मा, संदीप भार्गव और राकेश राठौर। पुरानी शिवपुरी मंडल से केपी परमार, मुकेश सिंह चौहान, सौरभ बिरथरे और गिर्राज शर्मा के नाम सामने आए। इस मंडल के चुनाव में 89 बूथ प्रभारियों में से 40 से 45 बूथ प्रभारी ही उपस्थित रहे।

सूत्र बताते हैं कि पहले हुए चुनाव में शिवपुरी मंडल से विपुल जैमिनी और पुरानी शिवपुरी मंडल से केपी परमार चुने गए थे। दोनों यशोधरा राजे खेमे के हैं। शिवपुरी ग्रामीण मंडल के चुनाव में जो नाम सामने आए वे हैं दिनेश रावत, जितेंद्र गुर्जर और जितेंद्र रावत। बताया जाता है कि पहले वर्तमान अध्यक्ष दिनेश रावत को पुन: अध्यक्ष बनाने का निर्णय लिया गया था। खोड़ मंडल के चुनाव में वर्तमान अध्यक्ष केरन लोधी के अलावा उत्तम नीखरा, रामगोपाल लोधी और लक्ष्मण लोधी के  नाम शामिल हैं।

इनमें पहले केरन लोधी को अध्यक्ष चुना गया था। देखना यह है कि नए सिरे से हुए चुनाव में अध्यक्ष चयन में कुछ बदलाव होता है अथवा वहीं अध्यक्ष फिर से चुने जाएंगे। बताया जाता है कि नामों का पैनल लेकर जिला सहनिर्वाचन अधिकारी राजू बाथम कल रात भोपाल रवाना हो गए और उम्मीद है कि आज शाम तक शिवपुरी के चारों मंडलों सहित पूरे जिले के कुल 23 मंडल अध्यक्षों के नाम की घोषणा हो जाएगी।

कोलारस मंडल में विधायक रघुवंशी समर्थक अध्यक्षों के बनने की चर्चा
14 नवम्बर को कोलारस विधानसभा क्षेत्र के पांचों मंडल अध्यक्षों के नाम पर निर्वाचन अधिकारी तथा पर्यवेक्षक की उपस्थिति में रायशुमारी हो गई थी, लेकिन शिवपुरी के चार मंडलों के दोबारा चुनाव कराने के कारण कोलारस विधानसभा क्षेत्र के मंडल अध्यक्षों के नामों की घोषणा नहीं हो पाई थी। उम्मीद है कि आज शाम तक सभी नामों की घोषणा हो जाएगी, लेकिन सूत्र बताते हैं कि कोलारस विधानसभा क्षेत्र में निर्वाचित सभी भाजपा मंडल अध्यक्ष विधायक वीरेंद्र रघुवंशी खेमे के हैं।

बदरवास मंडल से चंद्रपाल सिंह यादव अलावदी वाले, लुकवासा से ब्रजेंद्र रघुवंशी, रन्नौद से अवध बोहरे और खरई से कुबेर रावत के नाम भाजपा संगठन द्वारा फाइनल कर दिए गए हैं। कोलारस मंडल के अध्यक्ष पद चुनाव हेतु दावेदारों की लंबी कतार थी, लेकिन अब बताया जा रहा है कि शिखर धाकड़ मोहराई वाले का नाम तय माना जा रहा है। 
G-W2F7VGPV5M