लावारिस शहर, 10 अप्रैल 2026: पूरे ग्वालियर चंबल संभाग से हर रोज कोई ना कोई दिल जलाने वाली खबर आ जाती है। आज ग्वालियर से आई है। बता रहे हैं कि महाराज वाराणसी पासपोर्ट सेवा केंद्र में तीन नए काउंटर शुरू होने वाले हैं, स्टॉल संख्या 150 होने वाली है। यहां हम शिवपुरी वाले एक काउंटर के लिए ही तरस रहे हैं।
Why is this, Your Highness? Gwalior, Guna, Bhind, Morena all have passport offices, but Shivpuri only has a post office
लोकसभा के सबसे डैशिंग और रॉयल सांसद हमारे यहां से जाते हैं, लेकिन पता नहीं फिर क्या होता है कुछ लेकर नहीं आते। ग्वालियर में पासपोर्ट सेवा केंद्र का विस्तार हो रहा है। गुना और भिंड में पासपोर्ट सेवा केंद्र पहले से ही खुला हुआ है। मुरैना वाला भी बनकर तैयार हो गया है। समझ में नहीं आता कि शिवपुरी में क्यों नहीं बना। क्या शिवपुरी से कोई भी युवा विदेश जाने की योग्यता नहीं रखता। क्या शिवपुरी के बच्चे विदेश में पढ़ने का अधिकार नहीं रखते। क्या शिवपुरी के व्यापारी, कारोबार के लिए विदेश जाने की क्षमता नहीं रखते और क्या शिवपुरी के नागरिक पर्यटन के लिए विदेश जाने का सपना नहीं देख सकते।
हम यदि लाडले हैं तो सब कुछ हमको पहले मिलना चाहिए, लेकिन 90% से ज्यादा सरकारी योजनाएं और प्रोजेक्ट सबसे आखरी में शिवपुरी आते हैं। ऐसा लगता है जैसे शिवपुरी किसी की सौतन की संतान है। रोटी तो मिलती है लेकिन सबसे आखरी वाली, सूख जाने और फफूंद लगने के बाद।
सवाल बहुत सीधा और सरल है। आप शिवपुरी को अपना मकान समझते हैं या खदान।

.webp)