शादी की खुशियां बनी दहशत, शिव के घर में अग्नि का तांडव, घर का सामान राख

Uploaded Imageकोलारस। शिवपुरी जिले के कोलारस अनुविभाग के सेमरी गांव में खुशियों का माहौल अचानक अफरा-तफरी में बदल गया, जब शादी की तैयारियों के बीच एलपीजी गैस सिलेंडर की पाइपलाइन में अचानक आग भड़क उठी। घर में मेहमानों के लिए पकवान बन रहे थे, ढोल-नगाड़ों और उत्साह के बीच कोई अंदाजा भी नहीं लगा सका कि कुछ ही पलों में यह खुशी का माहौल खौफ में बदल जाएगा।

बताया जा रहा है कि सेमरी गांव निवासी शिव सिंह के घर शादी की तैयारियां जोरों पर थीं। रसोई में खाना बनाते समय अचानक गैस सिलेंडर के होज पाइप में आग लग गई। जैसे ही आग भड़की, वहां मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया। महिलाएं और बच्चे सुरक्षित स्थान की ओर भागे, जबकि परिवार के सदस्य और ग्रामीण हिम्मत जुटाकर आग बुझाने में जुट गए।

गांव वालों की सूझबूझ और तत्परता से काफी प्रयासों के बाद आग पर काबू पा लिया गया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। हालांकि, तब तक घर में रखा करीब एक लाख रुपए का सामान जलकर खाक हो चुका था। गनीमत रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई, वरना शादी की खुशियां मातम में बदल सकती थीं। फिलहाल परिवार को आर्थिक नुकसान जरूर हुआ है, लेकिन सबसे बड़ी राहत यह रही कि सभी लोग सुरक्षित हैं।