रास्ते में रोका, फिर बरसाए डंडे, एक ही परिवार के चार लोगों को पीटा, SP से लगाई गुहार

Uploaded Imageपिछोर। शिवपुरी जिले के पिछोर अनुविभाग के चौका खेड़ा गांव में पुरानी रंजिश ने हिंसक रूप ले लिया, जहां रास्ते में रोककर एक व्यक्ति और उसके परिवार पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया गया। घटना में महिला सहित चार लोग घायल हुए, जिनमें एक की हालत गंभीर बताई जा रही है। पीड़ित पक्ष ने पुलिस पर लापरवाही के आरोप लगाते हुए एसपी कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई है।

पीड़ित रामराज सिंह यादव ने बताया कि वह रात करीब 8:30 बजे बामौरकला से अपने गांव लौट रहे थे। गांव में कल्याण यादव के घर के सामने पहुंचते ही, वहां मौजूद कुछ लोगों ने उन्हें रोक लिया। आरोपियों ने पहले गाली-गलौज की और फिर डंडों से उन पर हमला कर दिया। रामराज के शोर मचाने पर उन्हें बचाने के लिए उनके चचेरे भाई अनिल यादव, अनुज यादव और चाची गीता बाई मौके पर पहुंचे। आरोप है कि हमलावरों ने इन तीनों के साथ भी बेरहमी से मारपीट की, जिससे सभी को चोटें आईं।

गंभीर रूप से घायल गीता बाई को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बामौरकला पुलिस पर कार्रवाई नहीं करने का आरोप पीड़ित पक्ष का कहना है कि घटना के बाद जब वे बामौरकला थाने पहुंचे, तो उनकी रिपोर्ट उचित धाराओं में दर्ज नहीं की गई। इसके बाद उन्होंने शिवपुरी पहुंचकर पुलिस अधीक्षक से शिकायत की और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई तथा एफआईआर दर्ज करने की मांग की।

बामौरकला थाना प्रभारी संजय लोधी के अनुसार, मामले में तीन आरोपी कल्याण यादव, जितेंद्र यादव और राजू यादव के खिलाफ विभिन्न धाराओं में एफआईआर दर्ज कर ली गई है। पुलिस ने बताया कि मामले की जांच जारी है।