कलेक्टर अर्पित वर्मा ने लिया चार्ज,आते ही शाखाओं का निरीक्षण कर डाला

शिवपुरी
। जिले के नवागत कलेक्टर अर्पित वर्मा ने सोमवार को पदभार ग्रहण किया। इस अवसर पर सीईओ जिला पंचायत विजय राज, एसडीएम, संयुक्त कलेक्टर, डिप्टी कलेक्टर सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।  

मध्यप्रदेश शासन द्वारा जारी किये गये आदेश के तहत वर्ष 2015 बैच के आईएएस अधिकारी अर्पित वर्मा को शिवपुरी कलेक्टर के रूप में पदस्थ किया गया है। उक्त आदेश के क्रम में नवागत कलेक्टर अर्पित वर्मा ने  कलेक्ट्रेट कार्यालय शिवपुरी पहुंचकर पदभार ग्रहण किया। भारतीय प्रशासनिक सेवा के अधिकारी अर्पित वर्मा इसके पूर्व श्योपुर जिले में कलेक्टर के पद पर कार्य कर चुके है।

नवागत कलेक्टर अर्पित वर्मा ने पदभार ग्रहण करने के बाद कलेक्ट्रेट परिसर स्थित विभिन्न कार्यालयों एवं शाखाओं का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कार्यालयीन व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए। इस अवसर पर संयुक्त कलेक्टर जे.पी. गुप्ता, डिप्टी कलेक्टर शिवदयाल धाकड़ सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने शिक्षा विभाग, एनआईसी, जिला योजना कार्यालय, जनजातीय कार्य विभाग, पंजीयक कार्यालय, भू-अभिलेख शाखा, रिकॉर्ड रूम सहित कलेक्ट्रेट की विभिन्न शाखाओं का अवलोकन किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों से उनके दायित्वों एवं कार्यों की जानकारी प्राप्त करते हुए कार्यों के प्रभावी एवं समयबद्ध निष्पादन के निर्देश दिए।