शिवपुरी भाजपा में विद्रोह, भोपाल मे फूटे स्वर,नपाध्यक्ष को हटाओ

Adhiraj Awasthi
Uploaded Image शिवपुरी। शिवपुरी नगर पालिका की राजनीति इस समय सत्ता, स्वार्थ, आरोप और बगावत के ऐसे मोड़ पर खड़ी है, जहां जनहित पीछे छूटता दिख रहा है और कुर्सी की लड़ाई खुलकर सामने आ गई है। रविवार रात एक कार्यक्रम में नगरपालिका अध्यक्ष को मंच पर जगह न मिलना भले ही सतह पर दिखा विवाद था, लेकिन अंदरखाने चल रही राजनीतिक खींचतान अब भोपाल तक पहुंच चुकी है।

सूत्रों के मुताबिक, शिवपुरी नगरपालिका के 12 पार्षद भोपाल पहुंच गए और उन्होंने भाजपा प्रदेश नेतृत्व के सामने ऐसा सख्त रुख अपनाया, जिसने संगठन में हलचल मचा दी। मामला अब सिर्फ असंतोष का नहीं, बल्कि सीधे-सीधे सियासी विद्रोह का रूप ले चुका है।

12 पार्षदों की दो टूक: या अध्यक्ष हटेगी, या हम
विश्वसनीय सूत्रों के अनुसार, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल के सामने शिवपुरी के 12 पार्षदों ने कोई औपचारिक शिकायत नहीं, बल्कि सीधा राजनीतिक अल्टीमेटम रखा। उनका साफ कहना था कि या तो नपाध्यक्ष को पद से हटाइए, या भाजपा से हमारी प्राथमिक सदस्यता समाप्त मानिए।

यह बयान केवल नाराजगी नहीं, बल्कि खुले राजनीतिक विद्रोह का संकेत माना जा रहा है। संगठन के लिए यह स्थिति बेहद असहज इसलिए भी है, क्योंकि यदि एक साथ 12 पार्षद इस्तीफा देते हैं, तो इसका असर केवल नगरपालिका की सत्ता पर ही नहीं, बल्कि भाजपा की स्थानीय साख और संगठनात्मक अनुशासन पर भी पड़ेगा।

यह पार्षद पहुंचे थे भोपाल
ओम प्रकाश जैन वार्ड क्रमांक 5,विजय बिंदास वार्ड क्रमांक 20,राजा यादव वार्ड क्रमांक 17,रीना कुलदीप शर्मा वार्ड  18,रघुराज राजू गुर्जर वार्ड  21 ,रितु डिंपल जैन वार्ड क्रमांक 9,प्रतिभा गोपी शर्मा वार्ड  10,सरोज धाकड़ वार्ड नंबर 12,नीलम बघेल वार्ड नंबर 11,मीना पंकज शर्मा वार्ड  नं 31,गौरव बंसल वार्ड नंबर 37 और तारा राठौर वार्ड क्रमांक 28 पहुंचे थे।