करैरा की स्मैक तस्कर कृतिका तिवारी का गुर्गा गिरफ्तार, 10 लाख की स्मैक जब्त

Adhiraj Awasthi

करैरा। शिवपुरी जिले की करैरा थाना पुलिस ने स्मैक की तस्करी करते हुए एक स्मैक तस्कर को गिरफ्तार किया है। पकडा गया युवक करैरा की स्मैक तस्कर कृतिका तिवारी का गुर्गा है। यही से इस स्मैक की सप्लाई होती है।  कृतिका तिवारी ने अपने पिता की मौत के बाद कथित रूप से नशे के इस अवैध कारोबार को संभाल रही थी और बाद में उसने अपना नेटवर्क दूसरे शहर तक फैला लिया।

मुखबिर की सूचना पर टोरिया रोड से दबोचा गया आरोपी
थाना प्रभारी विनोद छावई ने जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक युवक स्मैक की खेप लेकर करैरा क्षेत्र में खपाने के इरादे से आने वाला है। सूचना मिलते ही पुलिस ने सक्रियता दिखाते हुए ग्राम टोरिया के पास आम रोड पर घेराबंदी की।

कुछ ही देर बाद पुलिस को एक संदिग्ध युवक बुलेट मोटरसाइकिल पर आता दिखाई दिया। रोककर तलाशी लेने पर पुलिस को उसके पास से 52 ग्राम स्मैक और एक इलेक्ट्रॉनिक तौल कांटा बरामद हुआ। गिरफ्तार आरोपी की पहचान नीतेश उर्फ भूरा यादव उम्र 24 साल निवासी जिला दतिया के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार आरोपी स्मैक की सप्लाई देने के लिए करैरा क्षेत्र में आया था।

साढ़े 12 लाख रुपए का मशरूका जब्त
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से बरामद 52 ग्राम स्मैक, इलेक्ट्रॉनिक तौल कांटा और बुलेट मोटरसाइकिल सहित कुल करीब साढ़े 12 लाख रुपए का मशरूका जब्त किया है। पुलिस का मानना है कि यह खेप स्थानीय स्तर पर खपाई जानी थी और इससे जुड़े अन्य लोग भी जांच के दायरे में आ सकते हैं।

पूछताछ में सामने आया कृतिका तिवारी का नाम
गिरफ्तारी के बाद जब पुलिस ने आरोपी नीतेश उर्फ भूरा यादव से सख्ती से पूछताछ की, तो उसने कई चौंकाने वाले खुलासे किए। आरोपी ने बताया कि वह स्मैक कृतिका तिवारी नाम की महिला से खरीदकर लाता था और आगे सप्लाई करता था।

पिता के बाद बेटी ने संभाला कथित नशे का कारोबार
पुलिस जांच में सामने आई जानकारी के अनुसार, कृतिका तिवारी करैरा क्षेत्र के डैनेडा गांव की रहने वाली है। बताया जा रहा है कि उसके पिता कल्लू तिवारी पहले से ही स्मैक और अन्य नशे के कारोबार से जुड़े रहे थे। पिता की मौत के बाद कृतिका तिवारी ने इस अवैध धंधे की कमान अपने हाथ में ले ली। धीरे-धीरे उसने अपने संपर्क बढ़ाए और बाद में झांसी शिफ्ट होकर वहां से नेटवर्क संचालित करने लगी। पुलिस को आशंका है कि यह नेटवर्क शिवपुरी, करैरा, दतिया और झांसी के बीच सक्रिय हो सकता है।

महिला तस्कर की तलाश में जुटी पुलिस
करैरा पुलिस अब कृतिका तिवारी की तलाश में जुट गई है। पुलिस का कहना है कि आरोपी से मिली जानकारी के आधार पर अब पूरे नेटवर्क की कड़ियों को जोड़ा जा रहा है और यह पता लगाया जा रहा है कि इस धंधे में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।

स्थानीय स्तर पर भी सक्रिय हो सकती हैं कई कड़ियां
पुलिस को आशंका है कि यह मामला सिर्फ बाहरी सप्लाई तक सीमित नहीं है, बल्कि स्थानीय स्तर पर भी कई लोग इस नेटवर्क से जुड़े हो सकते हैं। ऐसे में आने वाले दिनों में इस मामले में और गिरफ्तारियां या बड़े खुलासे हो सकते हैं।