हनुमान जन्मोत्सव पर स्वर्ग सा सजा टेकरी सरकार, डीजे की धुन पर थिरके श्रद्धालु

Adhiraj Awasthi

खनियाधाना। शिवपुरी जिले के खनियाधाना में संकट मोचन हनुमान जन्मोत्सव के पावन अवसर पर धर्मनगरी खनियाधाना पूरी तरह बजरंगबली की भक्ति के रंग में सराबोर नजर आई। नगर के सुप्रसिद्ध टेकरी सरकार मंदिर पर सुबह भगवान के जन्म के समय मंदिर को स्वर्ग जैसा सजाया गया, जहाँ विशेष पूजा-अर्चना के बाद विशाल महाप्रसाद का वितरण किया गया।

भव्य चल समारोह और पुष्प वर्षा
शाम के समय खनियाधाना नगर में एक भव्य चल समारोह जुलूस निकाला गया, जिसमें भगवान हनुमान का आकर्षक विमान मुख्य आकर्षण का केंद्र रहा। टेकरी सरकार मंदिर से प्रारंभ होकर यह जुलूस पुरानी नगरपालिका चौराहा, चांदनी चौक, गांधी चौक, हिंद गली, मुसाहिब मोहल्ला और पुराना बाजार जैसे प्रमुख मार्गों से होकर गुजरा। नगरवासियों ने जगह-जगह जुलूस पर पुष्प वर्षा की और विमान की आरती उतारकर पुण्य लाभ कमाया।

डीजे की धुन और श्रद्धालुओं का उत्साह
पूरा वातावरण उस समय उत्साहपूर्ण हो गया जब डीजे पर संकट हरने वाले को हनुमान कहते हैं जैसे सुप्रसिद्ध भजनों की गूंज सुनाई दी। हाथों में भगवा ध्वज लिए युवा, बुजुर्ग और बच्चे ढोल-ताशों की थाप पर जमकर थिरके। टेकरी सरकार के प्रति अटूट आस्था का प्रमाण इस भारी जनसैलाब में साफ दिखाई दे रहा था। जुलूस का समापन पुनः टेकरी सरकार मंदिर पर भव्य महाआरती के साथ हुआ।

आयोजन की भव्यता को देखते हुए खनियाधाना थाना प्रभारी केदार सिंह यादव ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए थे। पुलिस प्रशासन और स्थानीय स्वयंसेवकों के सहयोग से यातायात व्यवस्था सुचारू रही, जिससे पूरा कार्यक्रम शांतिपूर्ण और गरिमामय ढंग से संपन्न हुआ। स्थानीय श्रद्धालुओं का कहना है कि हर वर्ष यह जन्मोत्सव भव्यता के नए कीर्तिमान स्थापित कर रहा है।