शिवपुरी के सिकंदरा बैरियर पर गुंडों का कब्जा,बस ड्राइवर की मारपीट,हाईवे पर चक्का जाम

Adhiraj Awasthi
शिवपुरी। शिवपुरी जिले के दिनारा थाना सीमा से गुजरने वाले  नेशनल हाईवे-27 पर स्थित सिकंदरा आरटीओ बैरियर एक बार फिर सवालों के घेरे में है। यहां अवैध वसूली और गुंडागर्दी का ऐसा खेल सामने आया, जिसने यात्रियों को सड़क पर उतरने के लिए मजबूर कर दिया।

सोमवार देर रात करीब डेढ़ बजे, राजस्थान के सिहोरी जिले से श्रद्धालुओं को लेकर चित्रकूट से लौट रही बस जैसे ही सिकंदरा बैरियर पर पहुंची, वहां मौजूद कुछ दबंगों ने बस को रोक लिया। आरोप है कि इन लोगों ने ड्राइवर लाखाराम से 2 हजार रुपए की अवैध वसूली की मांग की। जब ड्राइवर ने पैसे देने से इनकार किया, तो उसके साथ बेरहमी से मारपीट की गई।

इस घटना से बस में सवार श्रद्धालु भड़क उठे। आक्रोश इतना बढ़ा कि उन्होंने एनएच-27 पर चक्का जाम कर दिया। अचानक लगे जाम से यातायात पूरी तरह ठप हो गया और दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को संभालने की कोशिश की। इस दौरान बैरियर स्टाफ ने खुद को पूरी तरह अलग बताते हुए दावा किया कि उनका इस घटना से कोई लेना-देना नहीं है। लेकिन सबसे बड़ा सवाल यही है कि अगर इन गुंडों का बैरियर से कोई संबंध नहीं था, तो उन्हें बस रोकने और वसूली करने का अधिकार किसने दिया?

मामले के दौरान बैरियर प्रभारी सुमन दीक्षित और यात्रियों के बीच तीखी बहस भी हुई, जिससे माहौल तनावपूर्ण हो गया। बाद में एसडीओपी आयुष जाखड़ ने मौके पर पहुंचकर यात्रियों को समझाया और उचित कार्रवाई का भरोसा दिलाया, तब जाकर जाम खत्म हुआ।

पुलिस ने दिनारा थाने में चार अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और उनकी पहचान के प्रयास जारी हैं। लेकिन इस घटना ने सिकंदरा बैरियर की कार्यप्रणाली पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं।