नाबालिग के हाथों में स्टीयरिंग ने ली मासूम की जान, ट्रैक्टर सहित फरार हुआ किशोर चालक

Adhiraj Awasthi
पिछोर। शिवपुरी जिले के पिछोर थाना क्षेत्र अंतर्गत आने वाले ग्राम बड़ेरा के पुलिया धार मजरा में मंगलवार की दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे ने सबको झकझोर कर रख दिया। यहाँ सड़क किनारे खेल रही एक 7 वर्षीय मासूम बच्ची को तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने बेरहमी से कुचल दिया। हादसे में बच्ची की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि ट्रैक्टर चला रहा नाबालिग वाहन लेकर फरार हो गया।

सड़क से नीचे उतरा और बच्ची को रौंद दिया
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मुकेश प्रजापति की 7 वर्षीय बेटी माधवी उर्फ कल्ली अपने घर के पास सड़क किनारे खेल रही थी। तभी अचानक एक अनियंत्रित ट्रैक्टर आया और सड़क से नीचे उतरकर सीधे बच्ची से जा टकराया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि मासूम माधवी ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। चश्मदीदों के मुताबिक, हादसे के वक्त ट्रैक्टर की रफ्तार काफी तेज थी।

14 साल के नाबालिग के हाथ में थी कमान
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि ट्रैक्टर को एक 14-15 साल का नाबालिग लड़का चला रहा था। जैसे ही उसे अहसास हुआ कि बच्ची पहिए के नीचे आ गई है, वह डर के मारे ट्रैक्टर समेत मौके से भाग निकला। इस घटना के बाद गांव में भारी तनाव व्याप्त हो गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

पुलिस की कार्रवाई
सूचना मिलते ही पिछोर थाना पुलिस बल के साथ मौके पर पहुँची और शव को कब्जे में लिया। थाना प्रभारी नीतू सिंह अहिरवार ने बताया कि पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए ट्रैक्टर को जब्त कर लिया है। मृतका का पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस ने आरोपी नाबालिग चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश तेज कर दी है।