शिवपुरी। शिवपुरी जिले के पिछोर अनुविभाग के भौंती थाने की खोड़ चौकी क्षेत्र में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां दो नाबालिग चचेरी बहनों ने घर में रखी जहरीली दवा को कोल्ड ड्रिंक समझकर पी लिया। इस हादसे के बाद दोनों की हालत बिगड़ गई और उन्हें गंभीर अवस्था में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।Thirst Turns into a Tragedy Amidst the Heat: Mistaking It for a Cold Drink, a Person Consumes Poison
जानकारी के अनुसार, 15 वर्षीय खुशबू (पुत्री राजाराम आदिवासी) और 16 वर्षीय पूनम (पुत्री फूल सिंह आदिवासी) मंगलवार को अपने घर पर अकेली थीं। उनके परिजन रोजी-रोटी के लिए पास के जंगल में तेंदूपत्ता तोड़ने गए हुए थे। इसी दौरान घर में रखी एक शीशी ने दोनों की जिंदगी को खतरे में डाल दिया।बताया जा रहा है कि पूनम को घर में एक बोतल मिली, जो देखने में कोल्ड ड्रिंक जैसी लग रही थी। गर्मी के मौसम में प्यास लगने के कारण दोनों ने बिना सोचे-समझे उस बोतल से दवा चख ली। हालांकि स्वाद अलग लगने पर उन्हें तुरंत शक हुआ और उन्होंने शीशी को फेंक दिया, लेकिन तब तक जहरीला असर शुरू हो चुका था।
कुछ ही देर में दोनों बहनों को घबराहट, चक्कर और उल्टियां होने लगीं। हालत बिगड़ती देख आसपास के लोगों ने तुरंत जंगल में जाकर परिजनों को सूचना दी। सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और दोनों को आनन-फानन में खोड़ के स्वास्थ्य केंद्र लेकर गए।
स्वास्थ्य केंद्र में प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने स्थिति गंभीर देखते हुए दोनों को जिला अस्पताल, शिवपुरी रेफर कर दिया। फिलहाल दोनों का इलाज जारी है और उनकी हालत पर डॉक्टरों की निगरानी बनी हुई है।