मौत को मात, बिना ड्राइवर के सैर पर निकला टैक्टर, शिवपुरी में ट्रैक्टरों का तांडव

Adhiraj Awasthi
Uploaded Image शिवपुरी।  जिले के भौती और कोलारस क्षेत्रों में ट्रैक्टर-ट्रॉली हादसों के दो अनोखे मामले सामने आए हैं। पहली घटना में पत्थरों से लदा एक ट्रैक्टर गहरे कुएं में जा गिरा, वहीं दूसरी घटना में एक खड़ा हुआ ट्रैक्टर टक्कर लगने के बाद बिना ड्राइवर के ही सड़क पर चल पड़ा। दोनों ही मामलों में किस्मत अच्छी रही कि किसी की जान नहीं गई।

पत्थरों से लदी ट्रॉली सहित कुएं में जा गिरा ट्रैक्टर
भौती थाना अंतर्गत ग्राम ढला में शुक्रवार दोपहर एक बड़ा हादसा टल गया। रामनिवास लोधी का ट्रैक्टर-ट्रॉली पत्थरों (बोल्डरों) से भरा हुआ था। चालक जब इसे लेकर जा रहा था, तभी अमृत लोधी के कुएं के पास अचानक वाहन का संतुलन बिगड़ गया। देखते ही देखते ट्रैक्टर और ट्रॉली दोनों कुएं में समा गए।

हादसा इतना अचानक था कि चालक के पास सोचने का समय नहीं था, लेकिन उसने सूझबूझ दिखाते हुए तुरंत छलांग लगा दी और अपनी जान बचाई। कुआं सूखा होने के कारण बड़ा नुकसान नहीं हुआ, लेकिन वाहन बुरी तरह फंस गया। बाद में क्रेन मशीन की मदद से भारी मशक्कत के बाद ट्रैक्टर-ट्रॉली को बाहर निकाला जा सका।

बिना चालक के ही सैर पर निकला ट्रैक्टर
दूसरी घटना कोलारस कस्बे के जगतपुर तिराहे की है, जहाँ एक अजूबा देखने को मिला। कुमरौआ निवासी किसान राजेंद्र धाकड़ मंडी से फसल बेचकर लौट रहे थे और सामान लेने के लिए अपना ट्रैक्टर सड़क किनारे खड़ा किया था। तभी पीछे से आ रहे एक अन्य ट्रैक्टर ने उसे टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी सटीक थी कि गियर में खड़ा ट्रैक्टर अचानक स्टार्ट हो गया और बिना ड्राइवर के ही सड़क पर रेंगने लगा। बिना पायलट के ट्रैक्टर को चलता देख राहगीरों में अफरा-तफरी मच गई। कुछ दूरी तक चलने के बाद ट्रैक्टर सड़क किनारे एक पेड़ से टकराकर रुक गया। गनीमत रही कि उस वक्त सामने से कोई दूसरा वाहन या राहगीर नहीं आ रहा था, वरना बड़ा हादसा हो सकता था।