पत्नी के डांस के दम पर महल बनाने का सपना,पैसे की हवस ने पति को बनाया दलाल

Adhiraj Awasthi
शिवपुरी। कहते हैं पति-पत्नी का रिश्ता विश्वास और सम्मान की बुनियाद पर टिका होता है, लेकिन शिवपुरी से आए एक मामले ने इन दावों की पोल खोल दी है। यहाँ एक पति की पैसे की भूख इस कदर बढ़ गई कि उसने अपनी ही पत्नी को दूसरों की पार्टियों में नचवाकर मकान और प्लॉट बनाने की घिनौनी साजिश रच डाली। जब पत्नी ने अपने स्वाभिमान की खातिर इस नर्क में जाने से मना किया, तो उसे बेरहमी से पीटकर बीच राह लावारिस छोड़ दिया गया।

मजदूरी से शुरू हुआ सफर, मंडी तक पहुँचाने की कोशिश
आगरा की रहने वाली सोनम यादव की शादी एक साल पहले पोहरी तहसील के अगर्रा भाकई निवासी  हरिओम यादव से बड़े अरमानों के साथ हुई थी। शुरुआती पांच महीने ससुराल में बिताने के बाद पति उसे काम के सिलसिले में बीकानेर ले गया। वहां दोनों मेहनत-मजदूरी कर रहे थे, लेकिन अचानक पति हरिओम के मन में लालच ने घर कर लिया। उसे लगा कि पसीने की कमाई से मकान बनाने में उम्र बीत जाएगी, इसलिए उसने अपनी पत्नी को ही कमाई का साधन बनाने का फैसला किया।

नचनिया बनाने के लिए दीं प्रताड़नाएं
पीड़िता सोनम का आरोप है कि पति ने उसे जबरन डांस सिखाया और फिर महफिलों व कार्यक्रमों में भेजना शुरू कर दिया। सोनम ने जब विरोध किया और कहा कि वह एक इज्जतदार घर की बहू है, तो पति ने उसे बेरहमी से पीटना शुरू कर दिया। पति का तर्क था - मजदूरी से घर नहीं बन पाएगा, तुझे डांस करके ज्यादा पैसे कमाने होंगे।

काम निकलवाया और फिर बीच राह छोड़ा
पीड़िता ने बताया कि 25 दिन पहले उसे आगरा के एक कार्यक्रम में डांस के लिए भेजा गया था। वहां से लौटने पर जब उसने दोबारा ऐसा करने से हाथ खड़े कर दिए, तो पति हरिओम और देवर ब्रज यादव की क्रूरता चरम पर पहुँच गई। वे उसे बीकानेर में अकेला छोड़कर गांव भाग आए और जाते-जाते उसका किराए का कमरा भी खाली करवा दिया ताकि वह दर-दर भटकने को मजबूर हो जाए।

एसपी ऑफिस में न्याय की गुहार
किसी तरह ठोकरें खाते हुए शिवपुरी पहुँची सोनम को एक लॉज संचालक ने सहारा दिया। सोमवार को वह पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुँची और अपनी आपबीती सुनाई। अधिकारियों ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच और कार्रवाई का भरोसा दिलाया है।