कूनो में चीतों की रफ्तार तेज, 6 विदेशी चीते अब बड़े बाड़ों में किया रिलीज

Adhiraj Awasthi
भोपाल। शिवपुरी-श्योपुर जिले के सीमा पर स्थित कूनो नेशनल पार्क में बोत्सवाना से लाए गए चीतों के पुनर्वास की प्रक्रिया अब अगले चरण में पहुंच गई है। क्वारंटाइन अवधि पूरी होने के 38 दिन बाद सोमवार को 6 चीतों को छोटे बाड़ों से निकालकर 50-50 हेक्टेयर के बड़े बाड़ों (सॉफ्ट रिलीज बोमा) में शिफ्ट कर दिया गया। प्रोजेक्ट चीता के तहत 28 - फरवरी को बोत्सवाना से कुल 9 चीते (6 मादा और 3 नर) कूनो लाए गए थे। शुरुआती दौर में इन्हें कारंटीन बाड़ों में रखा गया था। अब इनमें से 6 चीतों 4 मादा और 2 नर को बड़े बाड़ों में स्थानांतरित किया गया है।

रिलीज किए गए चीतों को 4 अलग-अलग बड़े बाड़ों में रखा गया है। इसमें दो-दो मादा चीतों को एक-एक बाड़े में रखा गया है, जबकि दोनों नर चीतों को अलग-अलग बाड़ों में शिफ्ट किया गया है, ताकि उनके व्यवहार और अनुकूलन पर नजर रखी जा सके। कूनो प्रबंधन के अनुसार शेष 3 चीतों पर अभी निगरानी रखी जा रही है।

उनकी स्थिति पूरी तरह संतोषजनक होने के बाद ही उन्हें भी बड़े बाड़ों में छोड़ा जाएगा। प्रोजेक्ट चीता के डायरेक्टर उत्तम कुमार शर्मा ने बताया कि बोत्सवाना से आए सभी 9 चीते स्वस्थ हैं और नए वातावरण में तेजी से ढल रहे हैं। उन्होंने कहा कि जल्द ही बाकी चीतों को भी सॉफ्ट रिलीज के लिए तैयार किया जाएगा।
Uploaded Image