करैरा में हथियार के बल पर युवक का अपहरण, पहाडी मे छिपाकर रखा था,पुलिस ने मुक्त कराया

Adhiraj Awasthi

करैरा। शिवपुरी जिले के करैरा थाना क्षेत्र में सोमवार को दिनदहाड़े हथियारों की नोक पर हुए अपहरण के मामले में पुलिस ने बड़ी कामयाबी हासिल की है। पुलिस ने कार्यवाही करते हुए अपहृत युवक को समोहा की दुर्गम पहाड़ियों से सकुशल मुक्त करा लिया है। इस मामले में पुलिस ने 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से हथियार और मोटरसाइकिल जब्त की है।

हवाई फायर कर कार में पटका
एसडीओपी प्रशांत शर्मा ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि 16 मार्च 2026 को ग्राम बरखेड़ा निवासी बृजेश जाटव ने शिकायत दर्ज कराई थी। फरियादी के अनुसार जीतू कोली को बहाने से समोहा डैम बुलाया गया, जहां पहले से घात लगाए बैठे 10-11 बदमाशों ने उसे घेर लिया। बदमाशों ने 315 बोर के कट्टे से हवाई फायर कर दहशत फैलाई और जीतू को जबरन एक सफेद अर्टिगा कार में डालकर फरार हो गए।

पहाड़ी क्षेत्र में पुलिस की घेराबंदी
घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी विनोद सिंह छावई के नेतृत्व में पुलिस टीम ने इलाके की घेराबंदी शुरू की। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिरों की मदद से अपहृत युवक की लोकेशन समोहा की पहाड़ियों में ट्रैक की। पुलिस के दबाव को बढ़ता देख बदमाश युवक को पहाड़ी पर छोड़कर भागने की फिराक में थे, तभी पुलिस ने घेराबंदी कर 5 आरोपियों को दबोच लिया और जीतू कोली को सुरक्षित बरामद किया।

पैसे का लेनदेन बना विवाद की वजह
पुलिस जांच में सामने आया है कि मुख्य आरोपी अंशुल अहिरवार और जीतू कोली के बीच पैसों के लेनदेन को लेकर पुराना विवाद चल रहा था। इसी विवाद का बदला लेने के लिए अपहरण की पूरी साजिश रची गई थी। गिरफ्तार आरोपियों में जसवंत उर्फ दीपक, इंदर सिंह, विष्णु, अंशुल और रतन शामिल हैं। इनमें से इंदर सिंह और विष्णु शातिर अपराधी हैं, जिन पर पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं।

हथियार और वाहन जब्त
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त एक स्प्लेंडर मोटरसाइकिल, 315 बोर का देशी कट्टा, जिंदा कारतूस और एक खाली खोखा बरामद किया है। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ अपहरण, आर्म्स एक्ट और एमपीडीपीके एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। फरार 6 अन्य आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।