कोलारस मे उज्जैनी एक्सप्रेस को मिला स्टॉपेज, सिंधिया के पत्र का प्रताप

Adhiraj Awasthi

शिवपुरी। केंद्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री और गुना सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया के प्रयासों से अशोकनगर और कोलारस को बेहतर रेल कनेक्टिविटी मिली है।

Ujjaini Express Gets a Stopover in Kolaras

रेल मंत्रालय ने 12 मार्च को अशोकनगर में सोगरिया–दानापुर एक्सप्रेस (19801/02) और कोलारस में उज्जैनी एक्सप्रेस (14309/10) के ठहराव को मंजूरी दे दी है। इस फैसले से क्षेत्र के यात्रियों को सफर में सुविधा मिलेगी।

केंद्रीय मंत्री सिंधिया ने 26 फरवरी 2024 को रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को एक पत्र लिखकर इसके लिए अनुरोध किया था। इस पत्र में उन्होंने अशोकनगर और कोलारस में इन दोनों ट्रेनों के ठहराव की विशेष आवश्यकता पर जोर दिया था। सिंधिया के इसी पत्र पर त्वरित संज्ञान लेते हुए रेल मंत्रालय ने अब दोनों स्टॉपेज को अपनी स्वीकृति प्रदान कर दी है।

दैनिक यात्रियों और व्यापारियों को होगा फायदा
अशोकनगर में सोगरिया–दानापुर एक्सप्रेस और कोलारस में उज्जैनी एक्सप्रेस के रुकने से लोगों को देश के अन्य हिस्सों से बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी। इससे क्षेत्र के दैनिक यात्रियों, छात्रों और व्यापारियों को सफर में काफी आसानी होगी। इसके साथ ही क्षेत्रीय आवागमन बढ़ने से स्थानीय आर्थिक गतिविधियों को भी गति मिलने की उम्मीद है।

सिंधिया ने रेल मंत्री का जताया आभार
ट्रेनों के ठहराव की मंजूरी मिलने पर ज्योतिरादित्य सिंधिया ने केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के प्रति आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा जनता की सुविधा मोदी सरकार के लिए सर्वोपरि है और सभी मंत्रालय 'होल ऑफ गवर्नमेंट' दृष्टिकोण के साथ मिलकर कार्य कर रहे हैं।

सिंधिया ने विश्वास जताया कि यह महत्वपूर्ण कदम अशोकनगर और कोलारस की जनता के लिए बड़ी राहत लेकर आएगा, जिससे क्षेत्र की कनेक्टिविटी और सुदृढ़ होगी।