फिजिकल क्षेत्र में पारदी गिरोह की दस्तक, पुलिस को देख चोरों ने छोड़ी बाइकें और कटर

Adhiraj Awasthi

शिवपुरी। शिवपुरी शहर के फिजिकल थाना सीमा क्षेत्र मे पारदी गिरोह की धमक की खबर मिल रही है। थाना सीमा मे स्थित खिन्नी नाका भूत पलिया के पास इस गिरोह ने एक मकान को निशाना बनाने का प्रयास किया,लेकिन यह गिरोह अपने काम को अंजाम देने मे सफल नहीं रहा,मकान मालिक की नींद खुलने के कारण उसने विरोध किया,इस कारण चोरी करने घर मे घुसा यह गिरोह भागने मे सफल रहा है। तत्काल पुलिस को सूचना दी मौके पर पहुंची पुलिस ने इस गिरोह के सदस्यों का पीछा किया तो यह चोर अपनी बाइक का सडक पर छोडते हुए माधव टाइगर रिजर्व की सीमा मे समा गए।

जानकारी के अनुसार भूत पुलिया के पास निवास करने वाले मुकेश पांडेय ने बताया कि रात करीब 2 बजे 2-3 अज्ञात चोर उनके घर की दूसरी मंजिल पर दाखिल हो गए थे। आहट पाकर मुकेश की पत्नी की नींद खुल गई और उन्होंने तुरंत परिवार को जगाया। जब मुकेश और उनका बेटा बदमाशों को पकड़ने ऊपर पहुंचे, तो चोरों ने पकड़े जाने के डर से दूसरी मंजिल की छत से नीचे छलांग लगा दी।

जब पिता-पुत्र ने चोरों का पीछा किया, तो बाहर सड़क पर बाइकों के साथ खड़े उनके साथियों ने बचाव में पथराव शुरू कर दिया। जान बचाने के लिए परिवार ने खुद को घर के अंदर बंद किया और तुरंत डायल 100/112 को सूचना दी। बताया जा रहा है कि एफआरबी ने तत्काल फिजिकल  चौकी पुलिस की गश्त टीम को इस घटना की सूचना,इस सूचना पर हवलदार उदल सिंह गुर्जर और आरक्षक शरद यादव और आरक्षक राजदेव मौके पर पहुंचे,वही इस घटना के सूचना पर चीता मोबाइल भी पहुंच गई थी। 

पुलिस ने इस गिरोह के सदस्यों का पीछा किया तो यह गिरोह फक्कड कॉलोनी के रोड की ओर गया और पुलिस की बढ़ती दविश के कारण यह बदमाश एनसीसी कार्यालय के सामने स्थित माधव टाइगर रिजर्व की बाउंड्री का फलांग कर जंगल मे समा गए। मौके पर से पुलिस को 4 बाइक,एक टॉर्च और कटर मिलने की खबर है। वही अनुमान लगाया जा रहा है कि यह बाइक भी चोरी की हो सकती है पुलिस इन बाइक के नंबर को सर्च कर मालिको तक पहुचने की कोशिश कर रही है। 

आधी रात को हुई इस घटना के बाद फिजिकल के गश्त प्रभारी लाइन से टीआई रत्नेश यादव भी मौके पर पहुंच गए थे। टीआई और पुलिस बल ने घटना का मौका मुआयना किया,लेकिन सुबह तक फिजिकल थाना प्रभारी नम्रता भदौरिया मौके पर नहीं पहुंची थी। इस मामले मे सुखद बात यह रही है कि मकान मालिक की नींद खुलने के कारण यह अनहोनी होने से बच गइ। चोरी करने घर मे घुसे इन बदमाशों के हुलिया और अपराध करने की प्रवृति से यह अनुमान लगाया जा रहा है उक्त बदमाश पारदी हो सकते हैं।