माध्यमिक शिक्षा मंडल का 8वीं और 5वीं क्लास का परिणाम घोषित, शिवपुरी 32 वें पायदान पर

Adhiraj Awasthi

शिवपुरी। शिवपुरी जिले के शिक्षा विभाग की कार्यप्रणाली पर सवालिया निशान खड़े कर दिए हैं। प्रदेश स्तर पर जहाँ छात्राओं ने छात्रों को पछाड़कर बेहतर प्रदर्शन किया है, वहीं शिवपुरी जिला दोनों ही कक्षाओं में टॉप-10 जिलों की सूची से बाहर रहा है। सबसे चिंताजनक स्थिति कक्षा 8वीं की रही, जहां जिला प्रदेश के कुल जिलों में 32वें स्थान पर जा गिरा है।

वल्लभ भवन से जारी हुए नतीजे
स्कूल शिक्षा मंत्री उदय प्रताप सिंह ने भोपाल स्थित वल्लभ भवन में आयोजित कार्यक्रम में सिंगल क्लिक के जरिए परिणाम जारी किए। इस वर्ष प्रदेश का औसत परिणाम 5वीं में 95.14% और 8वीं में 93.83% रहा। शिक्षा मंत्री के गृह जिले नरसिंहपुर ने 8वीं में प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त कर अपनी श्रेष्ठता सिद्ध की, जबकि शिवपुरी इस दौड़ में काफी पीछे नजर आया।

कक्षा 8वीं: विभाग की विफलता का आईना
शिवपुरी जिले के लिए कक्षा 8वीं के आंकड़े निराशाजनक रहे। इस परीक्षा में जिले के कुल 30,287 छात्र शामिल हुए थे, जिनमें से 28,411 छात्र ही सफल हो पाए,इस प्रकार शिवपुरी जिले का 8वीं क्लास का परीक्षा परिणाम 93.81% रहा है। इस प्रतिशत के साथ प्रदेश में 32वां स्थान शिवपुरी जिले का प्राप्त हुआ हैं,यह रैंकिंग दर्शाती है कि जिले में माध्यमिक स्तर की शिक्षा की गुणवत्ता में भारी गिरावट आई हैं।

कक्षा 5वीं: औसत से बेहतर, पर टॉप-10 से दूर
प्राइमरी स्तर (कक्षा 5वीं) में जिले की स्थिति तुलनात्मक रूप से बेहतर रही। यहाँ 37,755 छात्र परीक्षा में बैठे थे, जिनमें से 36,614 छात्र उत्तीर्ण हुए,यह परिणाम 96.98% रहा हैं और प्रदेश में  16 वां स्थान मिला है। भले ही 5वीं का परिणाम राज्य के औसत (95.14%) से अधिक रहा, लेकिन यह भी जिले को टॉप-10 में जगह दिलाने के लिए पर्याप्त नहीं था।