जेबी इंस्टीट्यूट पोहरी ने की स्टूडेंट के साथ 20 हजार की धोखाधड़ी, दस्तावेज भी जब्त कर लिए

Adhiraj Awasthi

पोहरी। जिले की पोहरी तहसील के अंतर्गत एक छात्र के साथ कॉलेज में प्रवेश दिलाने के नाम पर धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। पीड़ित युवक ने पुलिस अधीक्षक  कार्यालय पहुँचकर न्याय की गुहार लगाई है और संस्थान के संचालक के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है।

क्या है पूरा मामला
पोहरी निवासी अंकेश वर्मा ने अपनी शिकायत में बताया कि वह सत्र 2025-26 के लिए डीएलएड (D.El.Ed) में प्रवेश लेना चाहता था। इसके लिए उसने जे.बी. इंस्टीट्यूट के संचालक वीरेंद्र धाकड़ से संपर्क किया। अंकेश के अनुसार, प्रवेश सुनिश्चित करने के लिए संचालक ने उससे 20 हजार रुपए नकद लिए। साथ ही, प्रवेश प्रक्रिया के लिए छात्र की 10वीं व 12वीं की ओरिजिनल मार्कशीट, टीसी (स्थानांतरण प्रमाण पत्र) और अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेज भी संस्थान में जमा करा लिए गए।

धोखाधड़ी का खुलासा
पीड़ित का आरोप है कि प्रवेश प्रक्रिया का समय बीत जाने के बाद भी संस्थान ने उसे प्रवेश नहीं दिलाया। जब उसने संस्थान से संपर्क किया, तो उसे टालमटोल भरा जवाब मिला। अंकेश का कहना है कि न तो उसे समय पर प्रवेश न होने की जानकारी दी गई और न ही अब उसके पैसे वापस किए जा रहे हैं।

धमकाने और दबाव बनाने के आरोप
छात्र ने एक और गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि जब उसने अपनी जमा राशि और दस्तावेज वापस मांगे, तो संचालक द्वारा उन पर दबाव बनाया जा रहा है। पीड़ित के अनुसार, उसे पुलिस में शिकायत न करने की धमकी भी दी गई है, जिससे वह मानसिक रूप से परेशान है।

संस्थान संचालक का पक्ष
दूसरी ओर, जे.बी. इंस्टीट्यूट के संचालक वीरेन्द्र धाकड़ ने स्वीकार किया कि प्रवेश नहीं हो सका है। उनका तर्क है कि सर्वर डाउन होने की तकनीकी समस्या के कारण प्रक्रिया समय पर पूरी नहीं हो पाई। संचालक का कहना है कि वे व्यस्तता या तकनीकी कारणों से समय पर अभ्यर्थी को सूचित नहीं कर सके।

पुलिस से न्याय की मांग
वर्तमान में, अंकेश वर्मा ने पुलिस अधीक्षक को आवेदन देकर मांग की है कि उनके मूल दस्तावेज सुरक्षित वापस दिलाए जाएं और जमा की गई 20 हजार रुपए की राशि वापस करवाई जाए। साथ ही, छात्र के भविष्य से खिलवाड़ करने वाले दोषी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाए।