Shivpuri, 2 दिल और 1 नाम, क्या यही इस युवक की पहचान,पुलिस के लिए पहेली बनी चिथडे उडी लाश

Adhiraj Awasthi

शिवपुरी। शिवपुरी सिटी कोतवाली सीमा में नोहरी गांव के पास गुरुवार की देर रात एक युवक की लाश रेलवे ट्रैक पर मिली है।  सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन शव की हालत इतनी खराब थी कि उसे पहचान पाना मुश्किल हो रहा था।

ट्रेन की चपेट में आने से बिखरे शव के टुकड़े
पुलिस के शुरुआती अनुमान के मुताबिक, युवक किसी तेज रफ्तार ट्रेन की चपेट में आया है। टक्कर इतनी जोरदार थी कि 35 से 40 वर्ष के इस युवक का शरीर बुरी तरह क्षत-विक्षत हो गया। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए क्षत-विक्षत अंगों को समेटा और पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज की मोर्चरी में सुरक्षित रखवा दिया है।

हाथ पर बने निशान खोलेंगे पहचान का राज
अंधेरे में मिली इस लाश की शिनाख्त के लिए पुलिस के पास केवल एक ही सुराग है- मृतक के हाथ पर बने टैटू। युवक के हाथ पर दो दिल के निशान बने हुए हैं और उनके साथ राजू नाम लिखा हुआ है। पुलिस को उम्मीद है कि राजू नाम और इन विशिष्ट निशानों के आधार पर मृतक के परिजन उसे पहचान सकेंगे।

जांच के घेरे में मौत की गुत्थी
शुक्रवार की सुबह तक भी जब कोई युवक को ढूंढते हुए नहीं पहुंचा, तो पुलिस ने आसपास के थानों में गुमशुदगी की रिपोर्ट खंगालना शुरू कर दिया है। बड़ा सवाल यह बना हुआ है कि क्या यह महज एक दर्दनाक हादसा था या युवक ने किसी मानसिक तनाव के चलते आत्महत्या का कदम उठाया?