Shivpuri में शादी के नाम पर 40 हजार का युवती का फोटो बेच दिया, मामला SP के पास

Adhiraj Awasthi

शिवपुरी। शिवपुरी पुलिस अधीक्षक को आज एक पिछोर अनुविभाग के  बामौरकलां थाना सीमा में आने वाले गांव विजरावन में निवास करने वाले एक युवक ने एक शिकायती आवेदन सौंपा है। इस आवेदन के अनुसार गांव के एक युवक ने एक युवती का फोटो दिखाकर शादी कराने के नाम पर 40 हजार की ठगी कर दी,युवक की धडीचा विवाह कराया और उसकी दुल्हन को विदा नहीं किया,अब उसकी दुल्हन भी उसके पास नहीं है और उसका पैसा भी चला गया,अब उसने आवेदन के माध्यम से शिवपुरी एसपी से निवेदन किया है कि या तो उसका पैसा वापस कराया जाए या उसकी दुल्हन उसे दिलाई जाए।

विजरावन गांव के रहने वाले राहुल लोधी ने बताया कि उसके ही गांव में रहने वाले सुरेश पंडा ने उनसे संपर्क किया,सुरेश ने दावा किया कि वह उनकी शादी करवा देगा,और उसे एक युवती की फोटो भी दिखाई थी।  लेकिन इसके बदले उसे 40 हजार रुपये खर्च करने होंगे। शादी की आस में बैठे राहुल ने बिना सोचे-समझे सुरेश की बात मान ली।

कोर्ट में रची गई फर्जी शादी की पटकथा
ठगी की कहानी यहीं खत्म नहीं हुई। 26 सितंबर 2025 को राहुल ने सुरेश को तय रकम दे दी। इसके बाद आरोपी उन्हें शिवपुरी कोर्ट ले गया, जहाँ एक युवती पहले से मौजूद थी। वहाँ कानूनी प्रक्रिया के नाम पर राहुल और उस युवती से सादे कागज पर दस्तखत कराए गए। राहुल को भरोसा दिलाया गया कि यह कागजी कार्रवाई है और कुछ ही दिनों में युवती की विदाई कर उसे उसके घर भेज दिया जाएगा।

न आई दुल्हन, न मिले पैसे
दिन हफ़्तों में और हफ्ते महीनों में बदल गए, लेकिन राहुल के घर शहनाई नहीं बजी। जब राहुल ने विदाई के लिए दबाव बनाया, तो सुरेश पंडा टालमटोल करने लगा। हद तो तब हो गई जब आरोपी ने पैसे लौटाने से साफ इनकार कर दिया और राहुल को धमकी भी दी।

पुलिस की चौखट पर न्याय की गुहार
पीड़ित राहुल का आरोप है कि उन्होंने बामौरकला थाने में भी शिकायत की थी, लेकिन वहां कोई सुनवाई नहीं हुई। थक-हारकर शुक्रवार को वह शिवपुरी एसपी कार्यालय पहुंचे। राहुल की मांग सीधी है,या तो मेरी शादी कराई जाए या फिर मेहनत की कमाई के वो 40 हजार रुपये वापस दिलाए जाएं।