शिवपुरी में बाइक सवार का एक ब्रेक और 12 लाख के गहने साफ, पुलिस ने दबोचा चोर

Adhiraj Awasthi

शिवपुरी। कहते हैं कि सावधानी हटी और दुर्घटना घटी, लेकिन शिवपुरी के लालगढ़-करमाज मार्ग पर एक युवक के साथ जो हुआ, वह किसी फिल्मी सीन से कम नहीं था। महज चंद मिनटों के लिए टॉयलेट करने रुके एक शख्स की जरा सी लापरवाही उसे 12.20 लाख रुपये की चपत लगा गई। हालांकि, शिवपुरी पुलिस की मुस्तैदी ने चोर के मंसूबों पर पानी फेर दिया।

यह था पूरा मामला,एक ब्रेक और 12 लाख के गहने साफ
तेंदुआ थाने के दरगवां निवासी बीरबल यादव अपने भांजे की शादी के लिए ससुराल भावखेड़ी से कीमती जेवर लेकर आए थे। शादी का जश्न संपन्न होने के बाद, 16 मार्च की शाम बीरबल पूरी ईमानदारी से गहने वापस लौटाने अपनी ससुराल जा रहे थे। शाम करीब 6 बजे जब वह लालगढ़-करमाज के कच्चे रास्ते से गुजर रहे थे, तो उन्होंने अपनी बाइक रोकी और टॉयलेट के लिए झाड़ियों की ओर गए। गहनों से भरा बैग बाइक पर ही टंगा था। बस इसी चंद मिनटों की मोहलत ने पीछे से आ रहे शातिर चोर को मौका दे दिया।

साए की तरह पीछा कर रहा था चोर
पुलिस की तफ्तीश में चौंकाने वाला खुलासा हुआ। आरोपी वासुदेव यादव (निवासी वेधारी) कोई राहगीर नहीं था, बल्कि वह किसी शिकारी की तरह बीरबल का पीछा कर रहा था। उसे भनक लग चुकी थी कि बैग में कीमती सामान है। जैसे ही बीरबल बाइक छोड़कर दूर हुए, वासुदेव ने बिजली की फुर्ती से बैग पार कर दिया और रफूचक्कर हो गया।

पुलिस की सक्रियता और रिकवरी
जब बीरबल वापस लौटे तो उनके पैरों तले जमीन खिसक गई, 12 लाख के गहने गायब थे! सिरसौद थाना पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तुरंत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 303 (2) के तहत केस दर्ज किया। संदेह के आधार पर जब पुलिस ने वासुदेव को हिरासत में लेकर सख्ती से पूछताछ की, तो उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी किए गए पूरे 12.20 लाख के जेवर बरामद कर लिए हैं और आरोपी को सलाखों के पीछे भेज दिया गया है।