NH-46 लुकवासा चौकी क्षेत्र में हिट एंड रन, कोटा राजस्थान निवासी वृद्ध महिला की मौत

Adhiraj Awasthi

कोलारस। शिवपुरी जिले में उत्तर प्रदेश के अयोध्या में रामलला के दर्शन कर लौट रहे एक राजस्थानी परिवार की खुशियाँ उस वक्त मातम में बदल गईं, जब शिवपुरी जिले के लुकवासा चौकी क्षेत्र में एक भीषण सड़क हादसे में 60 वर्षीय बुजुर्ग महिला की जान चली गई। यह हादसा मंगलवार रात एनएच-46 (NH-46) पर उस समय हुआ जब परिवार गलत जगह उतरने के बाद हाईवे पार करने की कोशिश कर रहा था।


मंजिल से आगे ले गया बस चालक
मृतक महिला की पहचान राजस्थान के कोटा जिले (इटावा थाना क्षेत्र) के ग्राम रजोपा निवासी जानकी बाई नागर के रूप में हुई है। जानकी बाई अपने पति रामप्रसाद नागर, बेटे, बहू और पोते-पोतियों के साथ अयोध्या से वापस अपने गांव लौट रही थीं। परिवार को श्योपुर जाने के लिए शिवपुरी उतरना था, लेकिन सफर के दौरान पूरा परिवार सो गया। बस चालक ने लापरवाही बरतते हुए उन्हें शिवपुरी में नहीं जगाया और बस आगे ले गया।

रात 3 बजे हाईवे पर बेसहारा छोड़ा
रात करीब 3 बजे जब परिवार की नींद खुली, तो उन्हें एहसास हुआ कि वे अपनी मंजिल (शिवपुरी) से काफी आगे निकल आए हैं। जब उन्होंने विरोध किया, तो बस चालक ने उन्हें लुकवासा चौकी के पास सुनसान हाईवे पर उतार दिया और बस लेकर चला गया। रात के अंधेरे में परिवार वापस शिवपुरी की ओर जाने वाली सड़क पकड़ने के लिए हाईवे पार कर रहा था।

अज्ञात वाहन ने मारी जोरदार टक्कर
जैसे ही जानकी बाई सड़क पार करने लगीं, तभी एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन काल बनकर आया और उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि जानकी बाई सड़क पर दूर जा गिरीं और गंभीर रूप से घायल हो गईं। मौके पर मौजूद परिजनों की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग इकट्ठा हुए, लेकिन तब तक जानकी बाई की हालत बेहद नाजुक हो चुकी थी।

पुलिस की कार्रवाई
लुकवासा चौकी पुलिस ने मामले की जानकारी मिलते ही जांच शुरू कर दी है। पुलिस अब उस बस का पता लगाने की कोशिश कर रही है जिसने परिवार को गलत स्थान पर उतारा, साथ ही उस अज्ञात वाहन की तलाश के लिए हाईवे पर लगे सीसीटीवी (CCTV) फुटेज खंगाले जा रहे हैं जिसने महिला को टक्कर मारी। बुधवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है।